रायगढ़ (केलो प्रवाह)। एयर गन से पक्षियों का शिकार कर रहे दो युवकों को वन विभाग की टीम ने अपने हत्थे चढ़ाया है। उनके पास से एयर गन, छर्रे व तीन पक्षी बरामद हुए उनके विरूद्ध वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार महापल्ली क्षेत्र में एयर गन से पक्षियों का शिकार किये जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी करते हुए स्कूटी सवार दो युवकों को पकड़ा।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दयासागर निषाद एवं उधव राठिया बताया। वहीं उनकी तलाशी लिये जाने पर उनके पास से एक एयर गन, छर्रे व तीन पक्षी बरामद हुए। इस पर विभाग ने दोनों आरोपियों के पास से मिली सामग्री जब्त करते हुए उनके विरूद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। गौरतलब है कि वन विभाग द्वारा इन दिनों वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह
मनाया जा रहा है तथा वन्य जीव व पक्षियों की सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी दौरान शिकार की यह घटना सामने आई है जिसे विभाग द्वारा गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।























