रायगढ़, 16 नवंबर। हर साल रायगढ़ जिले में साढ़े तीन सौ लोग सड़क हादसों में जान गंवा रहे हैं। ट्रैफिक विभाग सडक़ों पर ब्लैक स्पॉट का चिह्नांकन भी करता है लेकिन कोई निश्चित पैटर्न सामने नहीं आ रहा है। पहले की तुलना में अब शराब पीकर गाड़ी चलाने से हो रही मौतों की संख्या बढ़ रही है।
रायगढ़ जिले में सड़क हादसों से हो रही मौतों पर लगाम नहीं लग पा रही है। जिले के सभी ब्लॉकों में अलग-अलग स्पॉट पर हादसे लगातार हो रहे हैं। जिले में 14 ऐसे जगहों की पुष्टि ब्लैक स्पॉट के रूप में की गई है। कई स्पॉट ऐसे हैं जहां साल भर में एक भी हादसा नहीं हुआ। इनका कोई पैटर्न तय नहीं हो पा रहा है कि केवल इन्हीं जगहों पर ही 50 प्रश से अधिक हादसे हो रहे हैं। रायगढ़ जिले में 2025 में अब तक 548 सडक़ हादसों में 305 की मौत हो चुकी है। इनमें से कोई निश्चित स्पॉट पर ज्यादा हादसे हुए हों, ऐसा नहीं है। एक ही सड़क के अलग-अलग जगहों पर दुर्घटनाएं हुई हैं। इस वजह से कोई ऐसी वजह सामने नहीं आ रही है जिससे दुर्घटना का कारण एक हो। ज्यादातर हादसे रैश ड्राइविंग या लापरवाही से गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार आदि की वजह से हुई है। मिनिस्ट्री ऑफ ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे ने एक पोर्टल भी बनाया है जिससे हादसों की जगहों को चिह्नित कर मैपिंग की जा सके। रायगढ़ जिले में हुए हादसों की मैपिंग हुई तो देखा गया कि पूरे जिले में दुर्घटनाएं हुई हैं।
शराब पीकर हो रही मौतें बढ़ीं
पिछले कुछ सालों के आंकड़े देखे जाने पर एक वजह ऐसी है जो चिंताजनक है। शहरी क्षेत्रों से ज्यादा हादसे नहीं हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ही ज्यादा दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसमें अब शराब पीकर गाड़ी चलाने से हो रही मौतों की संख्या बढ़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हुए हादसों में यह कारण कॉमन है। पोर्टल में मौत का एक कारण एल्कोहल कंज्यूम करना भी दर्ज किया जा रहा है।
चेकिंग शहर में, हादसे हाईवे पर
शहरी क्षेत्रों में जानलेवा हादसे बेहद कम हैं। जो भी ऐसे एक्सीडेंट हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक हैं। गांवों में युवाओं में बाइक तेज चलाने का एक क्रेज है। ग्रामीण क्षेत्रों में आसानी से ऐसे दृश्य दिख जाएंगे जिसमें युवा फर्राटेदार बाइक दौड़ा रहे हैं, लेकिन चेकिंग शहर में ज्यादा होती है।
ये हैं जिले के ब्लैक स्पॉट
ट्रैफिक विभाग ने जिले में छातामुड़ा चौक, पटेलपाली, कोंड़ातराई, उर्दना तिराहा, जोरापाली, कांशीचुआं, मुरा चौक, नावापारा चौक, कुनकुनी, सिसरिंगा घाट, कंचनपुर, दर्रीपारा, फगुरम और देवगढ़ में एनएच व स्टेट हाईवे के स्पॉट को ब्लैक स्पॉट घोषित किया है।
वर्ष दुर्घटना मौत घायल
2023 641 353 648
2024 644 362 656
2025 548 305 472























