- बुजुर्ग को बचाने डॉक्टरों ने झोंकी ताकत, सीपीआर और इलेक्ट्रिक शॉक भी फेल, अस्पताल में मौत
रायगढ़। तहसील कार्यालय परिसर में सोमवार सुबह जमीन संबंधित आवेदन देने आए एक बुजुर्ग अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिसर में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अपर कलेक्टर के शासकीय वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने सीपीआर और इलेक्ट्रिक शॉक देकर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल कोतरारोड थाना पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभट्ठी निवासी 71 वर्षीय जवाहर लाल चौधरी सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे तहसील दफ्तर में किसी काम को लेकर आवेदन देने पहुंचे थे। वे परिसर में आवेदन देने की प्रक्रिया में ही थे कि अचानक उनके सीने में तकलीफ हुई और वे असहज होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। बुजुर्ग को इस तरह अचानक गिरता देख वहां मौजूद आवेदकों, वकीलों और राजस्व कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाई।
उन्होंने एम्बुलेंस का इंतजार कर समय गंवाने के बजाय परिसर में खड़ी अपर कलेक्टर की शासकीय गाड़ी में बुजुर्ग को लिटाया और तत्काल जिला चिकित्सालय रवाना किया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने बुजुर्ग को अटेंड किया। उस वक्त उनकी पल्स (नब्ज) बेहद गंभीर रूप से चल रही थी और स्थिति अत्यंत नाजुक थी। डॉक्टरों ने बिना एक पल गंवाए तत्काल इमरजेंसी इलाज शुरू किया। दिल की धड़कन को वापस लाने के लिए डॉक्टरों की टीम ने उन्हें लगातार सीपीआर दिया और इलेक्ट्रिक शॉक (डीफिब्रिलेटर) भी लगाया। डॉक्टरों की इस भारी मशक्कत के बाद भी मरीज को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना पाकर मौके पहुंचे मृतक के छोटे भाई गुलाब चौधरी ने बताया कि उनके बड़े भैया जवाहर लाल चौधरी पूरी तरह स्वस्थ थे और सुबह खुद बाइक चलाकर कलेक्ट्रेट में अपनी जमीन से संबंधित कोई आवेदन देने आए थे। संभवतः गांव में जो रेलवे लाइन बिछ रही है, उसी सिलसिले में उनका कोई काम था। परिसर में अचानक उन्हें चक्कर आया और वे गिर पड़े, जिसके बाद वहां मौजूद लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए। गुलाब चौधरी को घटना की जानकारी करीब एक घंटे बाद मोबाइल के जरिए मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उनके बड़े भैया को मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कोतरारोड थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद मर्क्युरी में रखवा दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

























You must be logged in to post a comment.