रायगढ़। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रूभांठा में दिनांक 19 फरवरी 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित खुशीराम पटैल (43 वर्ष), पिता बोधन राम पटैल, निवासी ग्राम कुर्रूभांठा ने थाना भूपदेवपुर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रार्थी खुशीराम पटैल ने पुलिस को बताया कि वह मोनेट कंपनी नहरपाली में ड्रायवरी का कार्य करता है। दिनांक 19.02.2026 को सुबह करीब 8 बजे वह ड्यूटी पर चला गया था और घर के अन्य सदस्य खेत में काम करने चले गए थे। दोपहर लगभग 3 बजे घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर सभी बाहर चले गए। शाम करीब 5.30 बजे उसकी पत्नी खिलेश्वरी पटैल एवं पुत्री दुर्गा पटैल जब
घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर आलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था। सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर खुशीराम पटैल तुरंत घर पहुंचा और जांच करने पर पाया कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं जरूरी दस्तावेज गायब हैं। चोरी गए सामान में एक सोने की माला (12 नग फदक काला मोती सहित), एक सोने का मांग मोती, एक जोड़ी सोने के झुमके, तीन सोने के लॉकेट, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का हाफ करधन, आठ चांदी की चूड़ियां, चार चांदी की बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा सूटकेस में रखे ऋण पुस्तिका, मोबाइल से संबंधित कागजात, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड एवं अन्य दस्तावेज भी चोरी हो गए हैं। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि वह अपने जेवरात को देखकर पहचान सकता है। आवेदन पत्र के अवलोकन पर प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) एवं 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। थाना भूपदेवपुर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। ग्राम कुर्रूभाठा में दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने एवं जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।























