इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक अजीबोगरीब ट्रेंड वायरल हो रहा है, जिसमें लोग रात के अंधेरे में पानी में हल्दी घोलते हुए रील्स बना रहे हैं। लाखों लोग इस ट्रेंड को फॉलो कर चुके हैं, लेकिन अब एक वायरल वीडियो ने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया है। वीडियो में नजर आ रहे ज्योतिषी अरुण कुमार व्यास ने इस ट्रेंड को खतरनाक बताया है। उनका दावा है कि पानी में हल्दी मिलाना कोई साधारण गतिविधि नहीं, बल्कि एक विशिष्ट तांत्रिक प्रक्रिया है, जो नकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित कर सकती है। उन्होंने कहा कि अगर यह क्रिया बिना उद्देश्य और उचित विधि के की जाए, तो इससे घर में अशांति, मानसिक तनाव और दुर्भाग्य दस्तक दे सकता है।
क्या है वायरल चेतावनी?
अरुण व्यास के मुताबिक इस प्रक्रिया का असर व्यक्ति की कुंडली पर भी पड़ सकता है। खासतौर पर चंद्रमा और गुरु ग्रह कमजोर हो सकते हैं, जिससे मानसिक असंतुलन, निर्णय लेने में भ्रम और दुर्भाग्य जैसे प्रभाव सामने आ सकते हैं। उन्होंने इसे “ऊपरी शक्तियों को आमंत्रण” देने जैसा बताया और लोगों से अपील की कि वे ऐसे ट्रेंड्स को फॉलो करने से पहले सोच-समझ लें।
यूजर्स में बढ़ी बेचैनी
इस वीडियो के वायरल होने के बाद हजारों सोशल मीडिया यूजर्स असमंजस में हैं। किसी ने कमेंट किया, “मैंने तो हल्दी वाला वीडियो बना लिया, अब क्या होगा?” वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि, “जब कई ज्योतिष खुद हल्दी डालकर स्नान करने की सलाह देते हैं, तो इसमें डरने की क्या बात है?”
क्या सच में है कोई खतरा?
गौरतलब है कि इस ट्रेंड और वायरल चेतावनी को लेकर अभी तक किसी वैज्ञानिक संस्था ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ आमतौर पर तथ्यों और तर्क पर आधारित जानकारी को प्राथमिकता देने की सलाह देते हैं। पानी और हल्दी का उपयोग आयुर्वेद और घरेलू उपचारों में सामान्य रूप से किया जाता है, लेकिन उसका समय, तरीका और उद्देश्य महत्व रखता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो और उसमें दिए गए विचारों पर आधारित है। केलो प्रवाह किसी भी ज्योतिषीय दावे की पुष्टि नहीं करता है।

























