सारंगढ़-बिलाईगढ़ – सरिया एवं बरमकेला के मध्य में बसे गांव बार में स्वर्गीय गुणनिधि पटेल जी के पावन स्मृति पर उनकी धर्मपत्नी शीतल पटेल द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस पर भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह का भव्य प्रसंग सुनाया गया। कथा व्यास पंडित सूरज उमाकांत मिश्रा जी ने बताया कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया।
हिमालय राज के महल में देवताओं, ऋषि-मुनियों और समस्त शिवगणों की उपस्थिति में यह अलौकिक विवाह संपन्न हुआ। विवाह प्रसंग के दौरान कथा स्थल दुल्हन की तरह सजा रहा। श्रद्धालु बराती बनकर विवाह उत्सव में शामिल हुए। पंडाल में फूलों की वर्षा, भजन-कीर्तन और विवाह के मंगल गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया। भगवान शिव-पार्वती के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। शंकर पार्वती का वेश धारण किए बाल कलाकारों पर भारी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इस कथा में ग्राम बार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोगों की काफी भीड़ हो रही है। कथा सुनने के लिए दूर दराज के लोग भी अपने साधन पर कथा श्रवण करने आ रहे हैं। यह बताना अतिशयोक्ति नहीं होगा की कथा वाचक श्री सूरज उमाकांत मिश्र जी के मुख से कथा श्रवण सुनने के बाद लोग प्रशंसा करते नहीं थक रहे हैं उनकी कथा में जिस तरह की मिठास है मानो हर बार सुनने का मन करता हो। सुमुधुर मुख हास से मानो मोती झरते हो। समापन की ओर अग्रसर इस कथा में भीड़ दिनों दिन बढ़ती जा रही है, सभी ठीक 3:00 बजे कथा स्थल पहुंच कर कथा का लाभ लेकर अपने जीवन के कल्याण हेतु कथा श्रवण कर रहे हैं।

























