छोड़कर सामग्री पर जाएँ

स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय : नितिन नवीन

IMG 20261115 WA0200 1
  • भगवान बिरसा मुंडा का ‘उलगुलान’ आंदोलन शोषण के विरुद्ध संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता रहेगा
  • मौसम खराब होने के कारण रायगढ़ नहीं पहुंच सके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, वर्चुअली किया संबोधित
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, विकास योजनाओं और उपलब्धियों का किया उल्लेख

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। भगवान बिरसा मुंडा का ‘उलगुलान’ आंदोलन सदियों तक शोषण के विरुद्ध संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता रहेगा। नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर आदिवासी नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और वन अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन रविवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें सुबह विशेष विमान से रायगढ़ के चिराईपानी स्थित ओ.पी. जिंदल एयरपोर्ट पहुंचना था, लेकिन सुबह से छाए घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण सुरक्षा की दृष्टि से उनका विमान लैंड नहीं कर सका और वापस लौट गया। मौसम की बाधा के कारण धरमजयगढ़ की पावन धरती पर प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो पाने पर उन्होंने खेद जताते हुए विश्वास दिलाया कि वे शीघ्र ही रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं व जनता के बीच प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होंगे। कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाने के बावजूद उन्होंने तकनीक के माध्यम से जुड़कर छत्तीसगढ़ की जनता और जनजातीय समाज के प्रति अपना स्नेह और प्रतिबद्धता प्रकट की।

पूर्ववर्ती सरकारों ने जनजातीय नायकों के इतिहास को हाशिए पर रखा : नितिन नवीन

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय नायकों व अमर बलिदानियों शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का ‘उलगुलान’ केवल ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ विद्रोह नहीं था, बल्कि यह जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा का शाश्वत उद्घोष था। आज पूरा देश उनके बलिदान के आगे नतमस्तक है। नवीन ने कांग्रेस के दशकों लंबे शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश की सत्ता में रहने के बावजूद पूर्ववर्ती सरकारों ने जनजातीय नायकों के इतिहास को हाशिए पर रखा और उनके लिए एक अलग मंत्रालय तक बनाने की जरूरत नहीं समझी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर आदिवासी समाज के गौरव को राष्ट्रीय और वैश्विक पटल पर पुनर्स्थापित किया है। आज हमारी सरकार जनजातीय समाज को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की विकास यात्रा का अग्रणी भागीदार बना रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने प्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ और ‘पीएम-जनमन’ जैसी योजनाओं के माध्यम से सुदूर वनांचलों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और पक्के मकान पहुंचाए जा रहे हैं। प्रदेश में लाखों जनजातीय परिवारों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिला है। नवीन ने ‘महतारी वंदन योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना से छत्तीसगढ़ की लगभग 20 लाख जनजातीय माताएं और बहनें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनी हैं। प्रदेश में वितरित किए गए लाखों व्यक्तिगत और सामुदायिक वन अधिकार पट्टों तथा नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय’ को उन्होंने आदिवासी विरासत के संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर बताया।

जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का स्मरण, धर्मांतरण और वैचारिक भ्रम से सचेत रहने की अपील

समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए उनके अद्वितीय योगदान को नमन किया। उन्होंने जनजातीय समाज के लोगों को धर्मांतरण के षड्यंत्रों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व आदिवासियों को “हिन्दू नहीं” बताकर समाज में भ्रम फैलाने और उन्हें उनकी मूल जड़ों व सनातन संस्कृति से काटने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज से अपील की कि वे ऐसे दुष्प्रचार से सावधान रहें और अपनी पारंपरिक आस्था व सांस्कृतिक एकता को अक्षुण्ण बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, त्याग और बलिदान से भरा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षों और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ के उद्घोष को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति से भी पहले जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूंक दिया था। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु सहित देशभर के जनजातीय महानायकों के योगदान को उन्होंने नमन किया।

जनजातीय विकास के लिए केंद्र सरकार के कार्यों का उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय गौरव और विकास की दिशा में केंद्र सरकार के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आजादी के बाद पहली बार जनजातीय समाज को वास्तविक सम्मान और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर देशभर के जनजातीय नायकों को राष्ट्रीय पहचान दी गई। साथ ही, देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति पर एक जनजातीय महिला को आसीन कर समाज का मान बढ़ाया गया। जनजातीय कल्याण के बजट में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है। ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, वहीं ‘पीएम-जनमन योजना’ के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों की तस्वीर बदली है। केंद्र सरकार ने लघु वनोपजों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के दायरे को बढ़ाया है और ‘वन धन विकास केंद्रों’ के जरिए जनजातीय युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।

आवास, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण की योजनाओं का ब्यौरा

मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों का ब्यौरा रखते हुए कहा कि प्रदेश का कोई भी वनांचल विकास से अछूता नहीं रहेगा। दुर्गम और वनांचल क्षेत्रों को जिला व ब्लॉक मुख्यालयों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों से जोड़ने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री बस योजना से बस्तर और सरगुजा संभाग के सैकड़ों गांवों में सुगम आवागमन शुरू हुआ है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है। किसान व महिला सशक्तीकरण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और बकाया धान बोनस देकर किसानों को समृद्ध बनाया गया है। इस वर्ष किसानों को कोचियों और दलालों के चंगुल से मुक्त करने के लिए यह निर्णय किया गया है कि धान की उपज कम होने के बावजूद किसानों को उनके पंजीकृत रकबे पर प्रति एकड़ पूरे 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि दी जाएगी। ‘महतारी वंदन योजना’ से प्रदेश की 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं प्रतिमाह आर्थिक सहायता पाकर सशक्त हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों का संचालन हो रहा है। पिछले दो वर्षों में 90 हजार से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई है तथा दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर 200 की गई हैं। इसके अतिरिक्त, 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टों का वितरण तथा नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय का निर्माण कर जनजातीय विरासत को सहेजा जा रहा है।

जनजातीय समाज के प्रमुखों और पद्मश्री सम्मानितों का सम्मान

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जनजाति व उपजनजाति समाज प्रमुखों का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव (बिरभोर भाई) और पंडीराम मंडावी के साथ ही माता राजमोहिनी देवी की पुत्री रामबाई, भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत साहू व बूथ अध्यक्ष सूरज मंडल को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। बाद में मुख्यमंत्री ने बैगा-पुजारी सम्मान निधि और तेंदूपत्ता संग्रहण की लाभांश राशि का बटन दबाकर लाभार्थियों के खातों में अंतरण किया।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की। मंच पर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रूपकुमारी चौधरी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री ओ.पी. चौधरी, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, दयालदास बघेल, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, गजेंद्र यादव, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित मंत्रिमंडल के सदस्य मौजूद रहे। इनके अलावा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राधेश्याम राठिया, महेश कश्यप, भोजराम नाग, कमलेश जांगड़े, चिंतामणि महाराज, देवेंद्रप्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा, भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व विधायक लता उसेंडी, भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह सहित विधायक, जनप्रतिनिधि, निगम-मंडल व आयोग के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए जनजातीय समाज के लोगों ने पारंपरिक नृत्य, गीत और वाद्ययंत्रों के साथ अपनी समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया। विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष वर्चुअल उद्बोधन भी प्रसारित हुआ, जिसमें जनजातीय कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में जनजाति एवं उपजनजाति प्रमुखों का पारंपरिक रूप से सम्मान भी किया गया।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: