छोड़कर सामग्री पर जाएँ

शहर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और जनसुविधाओं से समृद्ध बनाने लगातार किए जा रहे कार्य : ओपी चौधरी

E0A493E0A4AAE0A580E0A49AE0A58CE0A4A7E0A4B0E0A580
  • वित्त मंत्री ने नगर पालिक निगम रायगढ़ क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
  • सामुदायिक भवन, बाल उद्यान और नाली निर्माण से बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं
  • जनसुविधाओं के विस्तार से वार्डों में विकास कार्यों को मिल रही गति, गुणवत्ता और उपयोगिता को दी जा रही प्राथमिकता

रायगढ़। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने नगर पालिक निगम रायगढ़ क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि रायगढ़ शहर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और जनसुविधाओं से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में अधोसंरचना विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुविधाओं और युवाओं के लिए बेहतर अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वित्त मंत्री चौधरी ने नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 में विधायक मद से लगभग 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित साहू समाज सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन समाजों के लिए सामूहिक गतिविधियों, बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं सामाजिक समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनते हैं।

ऐसे भवनों से समाज के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के लिए आवश्यक सामाजिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि समाज के लोग अपने कार्यक्रमों का संचालन सुविधाजनक ढंग से कर सकें। उन्होंने भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और उपयोगिता को प्राथमिकता दी जा रही है। वित्त मंत्री चौधरी ने साहू समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

श्रीराम कॉलोनी में बाल उद्यान के जीर्णोद्धार से मिलेगा बेहतर सार्वजनिक स्थल

वित्त मंत्री चौधरी ने नगर निगम के वार्ड क्रमांक 21 श्रीराम कॉलोनी में अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि से लगभग 46 लाख रुपए की लागत से होने वाले बाल उद्यान जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत लैंडस्केपिंग, पौधरोपण, मुख्य द्वार, बाउंड्रीवॉल, विद्युतीकरण, प्ले इक्विपमेंट, बेंच एवं अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्यान विकसित होने से क्षेत्र के बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। साथ ही शहर में हरित क्षेत्र बढ़ने से पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नाली निर्माण कार्य से क्षेत्र में बेहतर होगी जल निकासी व्यवस्था

इस अवसर पर रायगढ़ स्टेडियम के पीछे से श्रीराम कॉलोनी मोड़ तक लगभग 37.88 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। लगभग 580 मीटर लंबी इस नाली के निर्माण से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में जल निकासी और अधोसंरचना से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मालीडीपा, बेलादूला एवं आसपास के क्षेत्रों में भी जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

रायगढ़ में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं अधोसंरचना और सौंदर्यीकरण के कार्य

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर में सड़क, पुल, नदी तट विकास, तालाब सौंदर्यीकरण, उद्यान निर्माण एवं ऑक्सीजन जोन जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। केलो नदी तट के विकास कार्यों से शहर को नई पहचान मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इतवारी बाजार क्षेत्र को ऑक्सीजन जोन के रूप में विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके। शहर के विभिन्न हिस्सों में अधोसंरचना विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वित्त मंत्री चौधरी ने रायगढ़ में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन का आधुनिक केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण, पुस्तकालय और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस परियोजना को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नालंदा परिसर युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराएगा तथा यह रायगढ़ के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बिजली बिल समाधान योजना और सौर ऊर्जा योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में वित्त मंत्री चौधरी ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी देते हुए कहा कि योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जा रही है। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि अधिक बिजली बिल वाले उपभोक्ता पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है तथा बड़ी संख्या में घरों में सोलर प्लेट लगाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थिति:
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, श्रीकांत सोमावार, विवेक रंजन, सुभाष पांडे, महेशराम साहू, बाबूलाल अग्रवाल, एमआईसी सदस्य पूनम सोलंकी, अमित शर्मा, मुक्तिनाथ बबुआ, त्रिवेणी डहरे, अशोक यादव, अनंत आनंद भगत, महादेव अग्रवाल, संजय दास, सुरेश गोयल, पंकज भैया, कौशलेश, विष्णु पटेल, शैलेश माली, संजय अग्रवाल, साहू समाज के प्रतिनिधि रमेश साहू, ममता साहू, गिरधारी साहू, प्रेमलता साहू, भरतलाल साहू, कपिलनाथ साहू, चतुर्भुज साहू, बसंत साहू, सुरेंद्र साहू, पितवासो साहू, महेश साहू, संजय साहू, जगदीश साहू, लालाराम साहू, नेतराम साहू, मोहनलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

न्यूज एडिटर

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से वर्ष 1988 से निरंतर प्रकाशित हो रहे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' के 'Digital Wing' में News Editor की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। Finance (NBFC) क्षेत्र के 15 वर्षों के अनुभव के बाद इन्होंने 'RIG24 Media Network' से Journalism की शुरुआत की और कार्य के दौरान ही 'BJMC' की Professional Degree प्राप्त की। ​विकास अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के Web News Portal और Social Media Platforms का संचालन एवं संपादन कर रहे हैं। ये विशेष रूप से क्षेत्रीय घटनाक्रम, Exclusive रिपोर्ट्स, सीएम की गतिविधियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ Agriculture, Politics, Finance, Infrastructure, Development, Employment, Sports, Career, Current Affairs, सामाजिक, देश-प्रदेश और शासन-प्रशासन से संबंधित कई विषयों पर निरंतर लेखन कर रहे हैं, जो पाठकों की जरूरत के अनुसार उपयोगी हों।

Share: