- 2023 में स्वीकृति के बाद आरओबी का हो रहा निर्माण
रायगढ़। खरसिया में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर तीन साल केवल आपसी खींचतान में बीत गए। अब तक आरओबी का निर्माण हो जाना था लेकिन वर्क ऑर्डर ही नवंबर 2025 में किया गया। अभी तक ड्रॉइंग डिजाइन ही फाइनल नहीं हो सकी है। निर्माण पूरा करने के लिए केवल सवा साल ही हैं। रायगढ़ जिले में हर कस्बे की अलग जरूरतें हैं। घरघोड़ा हो या खरसिया, वहां के लोगों की मांग अलग-अलग हैं। खरसिया में सबसे जरूरी रेलवे ओवरब्रिज है। सेतु विभाग को 2021 में मंजूरी मिल गई थी। 2023 में पहले दो टेंडर सफल नहीं हुए। तीसरी बार में हुए टेंडर में जयपुर की भारत स्पून पाइप एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी को ठेका मिला। इससे पहले 14 सितंबर 2022 को आरओबी के लिए भूमिपूजन भी किया जा चुका था।
आरओबी के लिए 64.95 करोड़ मंजूर किए गए थे। ठेका कंपनी ने बिलो रेट पर करीब 59 करोड़ में टेंडर हासिल किया है। लेकिन 2023 से 2025 तक काम लटका रहा। न अनुबंध हुआ और न ही वर्क ऑर्डर। 4 नवंबर 2025 को वर्क ऑर्डर दिया गया। सोचिए कि 17 जून 2023 को हुई निविदा में दो साल बाद वर्क ऑर्डन हुआ। समय पर आदेश होता तो अब तक आरओबी बन चुका होता। ठेका कंपनी को 3 जून 2027 तक काम पूरा करना है। अब केवल सवा साल ही समय बचा है। वर्तमान में ड्रॉइंग-डिजाइन का काम हो रहा है।
पांच साल गुजर गए प्रक्रिया में
खरसिया आरओबी प्रोजेक्ट से पता चलता है कि आम जनता को कई सालों से हो रही परेशानी के लिए विभाग कितने गंभीर हैं। किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता कि रेलवे क्रॉसिंग पर कितना समय इंतजार करना पड़ता है। कभी दस मिनट तो कभी आधा घंटा तक क्रॉसिंग बंद रहती है। जनवरी 2021 में स्वीकृत काम का वर्क ऑर्डर नवंबर 2025 में हुआ।























