छोड़कर सामग्री पर जाएँ

सोशल मीडिया पर दोस्ती कर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Minor raped after being befriended on social media

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के क्रम में थाना कापू पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। दिनांक 21 जून 2026 को नाबालिग पीड़िता के पिता ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून की रात्रि वे अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में गए हुए थे। देर रात घर लौटने के बाद सुबह उठने पर उनकी बेटी (उम्र करीब 14 साल) घर पर नहीं मिली।

आसपास खोजबीन करने पर वह आरोपी अभिषेक टंडन (21 साल) के घर में मिली, जिसे परिजन वापस घर लेकर आए। पूछताछ करने पर पीड़िता ने बताया कि दिनांक 20 जून की शाम लगभग 7 बजे आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से संदेश भेजकर उसे गांव के नदी किनारे बुलाया, जहां डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां रात में भी उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता ने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में भी आरोपी द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ किया था, जिसकी रिपोर्ट थाना कापू में किये थे।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन दर्ज कराया गया तथा मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। विवेचना के दौरान पीड़िता का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी अभिषेक टंडन के निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को दिनांक 24 जून 2026 की शाम विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा आज न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। रायगढ़ पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई एवं प्रभावी विवेचना के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। बालिका संबंधी अपराध में संवेदनशीलता बरतते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन पर कार्यवाही में थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी, लक्ष्मी कैवर्त, देवलाल राठिया एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश – “महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: