रायगढ़, 04 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में औद्योगिक हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार की सुबह भूपदेवपुर क्षेत्र में जेएसडब्ल्यू इस्पात स्पेशल प्रोडक्ट्स लिमिटेड ( JSW) में एक और दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। प्लांट में डिप्टी मैनेजर के पद पर पदस्थ 43 वर्षीय रविन्द्र कुमार डनसेना की काम के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने न केवल उनके परिवार को गहरे सदमे में डुबो दिया, बल्कि औद्योगिक सुरक्षा और प्रबंधन की खामियों को फिर से उजागर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक तारापुर निवासी रविन्द्र कुमार डनसेना सुबह नियमित ए-शिफ्ट के लिए प्लांट पहुंचे थे। सुबह 8 बजे के आसपास वह सेंटर साइड क्षेत्र में कार्यरत थे, तभी एक अप्रत्याशित हादसे ने उनकी जान ले ली। रविन्द्र को जमीन गिरा देखकर साथी कर्मचारियों ने तुरंत प्रबंधन को सूचित किया। गंभीर हालत में उन्हें जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें प्रारंभिक जांच में ही मृत घोषित कर दिया। लोगों को कहना है कि रविन्द्र की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
भूपदेवपुर पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में रविन्द्र के कपड़ों पर कीचड़ के निशान पाए गए, जो इस हादसे को और रहस्यमयी बना रहे हैं। क्या यह एक मशीनरी हादसा था, या कोई अन्य कारण? थाना प्रभारी संजय नाग ने बताया कि “मृतक रविन्द्र कुमार डनसेना तारापुर के पूर्व सरपंच राजू डनसेना के भाई थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, और जांच के बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी।”
बता दें कि रविन्द्र की असामयिक मौत की खबर फैलते ही उनके परिजनों और स्थानीय समुदाय में गुस्सा भड़क उठा। परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्लांट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। बता दें कि जेएसडब्ल्यू प्लांट में आए दिन होने वाले हादसे अब चिंता का विषय बन चुके हैं। एक अफसर की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने प्लांट की सुरक्षा नीतियों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फाइल फोटो – रविन्द्र कुमार डनसेना
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, जेएसडब्ल्यू प्रबंधन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
खबर अपडेट पर है…..
























You must be logged in to post a comment.