छोड़कर सामग्री पर जाएँ

दीपावली और आगामी त्योहारों को लेकर राजनांदगांव में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, पुलिस अधीक्षक ने दिए निर्देश

FB IMG 1793820996209

राजनांदगांव। आगामी दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों की बैठक ली। इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

त्योहारों के दौरान पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विजिबल पुलिसिंग, फील्ड पुलिसिंग और प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि पुलिस की मौजूदगी सिर्फ प्रमुख चौराहों तक सीमित न रहे, बल्कि बाजारों, व्यावसायिक इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल लगातार सक्रिय रहे। सभी थाना प्रभारियों को स्वयं मैदानी स्तर पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और नागरिकों व व्यापारियों से निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा गया है।

बाजारों में यातायात प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था

दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रमुख बाजारों में पार्किंग व्यवस्था, नो-पार्किंग जोन तय करने, आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन और पैदल आवागमन को व्यवस्थित करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी। भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पीक आवर्स के दौरान अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र या हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को तत्काल मदद मिल सके।

यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सिविल टीम तथा थाना पुलिस को निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सराफा व्यापारियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने और चोरी व उठाईगिरी जैसे अपराधों की रोकथाम के लिए समन्वय बनाया जाएगा। कंट्रोल रूम के जरिए प्रमुख बाजारों की सतत निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी सूचना पर तुरंत पुलिस रिस्पॉन्स मिल सके।

ग्रामीण आयोजनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर सख्ती

ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली और मड़ई-मेला सहित आगामी पारंपरिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारियों को पूर्व जानकारी जुटाकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई प्रभावी करने को कहा गया है। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन व बिक्री और जुआ-सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक रहे, जबकि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: