बलौदाबाजार। शहर के नेहरू चौक इलाके में धनतेरस के दिन हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई। वहीं परिवार की महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बचाने के प्रयास में करंट की चपेट में आया परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहरू चौक स्थित मकान के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जिसकी दूरी घर से महज पांच फीट बताई गई है। घटना के दौरान राकेश गुप्ता अचानक करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट के संपर्क में आ गए।
हादसे में पिता राकेश गुप्ता और पुत्र ईशान की मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
कोतवाली पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं मकान के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
























