छोड़कर सामग्री पर जाएँ

भिलाई में गूंजा रायगढ़ का नाम: उत्तम इंटरनेशनल स्कूल के आरव ने इंडो-नेपाल इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

file 0000000073e881fd87380b46bef8abc3

रायगढ़। खेल के मैदान में रायगढ़ की प्रतिभाएं लगातार शहर का मान बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में उत्तम इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा पांचवीं के छात्र आरव सिंह ने भिलाई में आयोजित ‘प्रथम इंडो-नेपाल ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप-2026’ में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। छोटी सी उम्र में आरव की इस बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से न सिर्फ विद्यालय परिवार बल्कि पूरे शहर में हर्ष का माहौल है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता बीते 2 से 4 अक्टूबर तक भिलाई के सेक्टर-9 स्थित महिला महाविद्यालय में आयोजित की गई थी।

इस चैंपियनशिप में अलग-अलग जगहों से आए कई होनहार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़े और चुनौतीपूर्ण मुकाबलों के बीच आरव ने अपने बेहतरीन खेल कौशल, फुर्ती और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। अपने निरंतर अभ्यास और तकनीकी दक्षता के दम पर उसने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। छात्र की इस स्वर्णिम सफलता पर उत्तम इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन ने खुशी जाहिर की है। विद्यालय के चेयरमैन गौतम चौधरी, डायरेक्टर संजय चौधरी, प्राचार्य देवेन्द्र नाथ साहू और एडमिनिस्ट्रेटर गोपाल श्रीवास ने आरव को इस शानदार जीत की बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि आरव की यह जीत महज एक पदक नहीं है, बल्कि यह उसके समर्पण और अनुशासन का जीता-जागता प्रमाण है। उसकी यह सफलता स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनेगी। नन्हे चैंपियन की इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के स्पोर्ट्स इंचार्ज रजनीश सिंह और असिस्टेंट स्पोर्ट्स इंचार्ज सोमेश साहू के कुशल मार्गदर्शन का भी अहम योगदान रहा, जिन्होंने समय-समय पर छात्र का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार ने आरव के माता-पिता के साथ-साथ उसके कराटे प्रशिक्षक को भी इस गौरवपूर्ण क्षण की बधाई दी है।

image editor output image917007123 1791464414399
गोल्ड मेडल विनर आरव

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: