रायगढ़। सराईपाली गांव की बस्ती में खुलेआम तलवार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले 32 वर्षीय युवक को पूंजीपथरा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार जब्त की है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि ग्राम सराईपाली की बीच बस्ती में दिलीप सिदार हाथ में धारदार तलवार लेकर घूम रहा है। वह खुलेआम हथियार लहराते हुए राहगीरों और ग्रामीणों को गाली-गलौज कर डरा-धमका रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
तालाब के पास घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया। पुलिस टीम ने गांव में युवक की तलाश शुरू की और उसे तालाब के पास तलवार लहराते हुए देख घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे की एक धारदार तलवार बरामद कर जब्त कर ली। पकड़े गए आरोपी की पहचान सराईपाली निवासी दिलीप सिंह सिदार (32 वर्ष), पिता ईश्वर प्रसाद के रूप में हुई।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, अदालत से जारी हुआ जेल वारंट
सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने और शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल दाखिल करा दिया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, आरक्षक विक्रांत भगत और सुरेश सिदार शामिल रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर भय और दहशत का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। जिले में कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

























