छोड़कर सामग्री पर जाएँ

किरायेदारों की दो मोटरसाइकिलों को आग लगाने वाला सिरफिरा युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने गैर जमानती धाराओं में की कार्रवाई, भेजा जेल

IMG 20261115 WA0004
  • धांगरडीपा में आधी रात दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • पैशन प्रो और प्लेटिना मोटरसाइकिल जलकर हुईं खाक, मकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे भी आरोपी ने तोड़े
  • सीसीटीवी फुटेज बना आरोपी की गिरफ्तारी का अहम आधार, फुटेज में मोटरसाइकिलों को आग लगाते दिखा मोहल्ले का युवक
  • पहले भी आरोपी ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को लगाई थी आग, पूर्व में भी दर्ज कराई गई थी रिपोर्ट

रायगढ़। शहर के धांगरडीपा क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले किरायेदारों की दो मोटरसाइकिलों को आग लगाकर जलाने तथा मकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहल्ले के ही निवासी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध गैर जमानती धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

मामले में प्रार्थी आशीष अग्रवाल (32 वर्ष) ने दिनांक 13 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वार्ड क्रमांक 02 धांगरडीपा, छोटा पानी टंकी के पास मकान मालिक एस. लकड़ा के मकान में किराये से रहता है तथा स्थानीय प्लांट में ठेकेदारी का काम करता है। दिनांक 12 नवंबर की रात रोज की तरह अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BF 9347 को अन्य वाहनों के साथ घर के बाहर खड़ी कर सोने चला गया था।

इसी दौरान 13 नवंबर की रात्रि करीब 3:30 बजे पड़ोसी मनोज देवांगन ने सूचना दी कि घर के बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल में आग लग गई है तथा बगल में खड़ी पड़ोसी कामता प्रसाद बरेठ की प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 F 1437 भी आग की चपेट में आ गई है। बाहर आकर देखने पर दोनों मोटरसाइकिलें आग से बुरी तरह जल चुकी थीं। मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर पानी डालकर आग बुझाई गई। घटना के दौरान अज्ञात आरोपी ने मकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे के दो नग उपकरणों को भी तोड़ दिया था।

प्रार्थी द्वारा घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर मोहल्ले का निवासी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू मोटरसाइकिलों में आग लगाते और कैमरे तोड़ते हुए दिखाई दिया। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 669/2026 धारा 324(2), 326(f) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतवाली श्री अजय नागवंशी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू पिता दशरू राम उरांव, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02 धांगरडीपा रायगढ़ ने घटना कारित करना स्वीकार किया। प्रार्थी एवं गवाहों ने पुलिस को यह भी बताया कि बीते रक्षाबंधन के समय भी आरोपी द्वारा घर के बाहर खड़ी वाहनों में आग लगाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। वर्तमान घटना में आरोपी द्वारा रात्रि में घर के अंदर प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिए जाने पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 331(2) भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक दिग्विजय दास वैष्णव तथा हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: