रायगढ़। पुलिस ने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने चेक बाउंस के 15 मामलों में लंबे समय से तलाश किए जा रहे सरोज कुमार बेहरा को झारसुगुड़ा से पकड़ा, जबकि चोरी के मामले में फरार हेमंत दास महंत को धरमजयगढ़ से गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
15 मामलों में जारी था स्थायी वारंट
पुलिस के अनुसार सरोज कुमार बेहरा पिता सुनील बेहरा, निवासी सागरपाली, थाना रेंगाली, तहसील लखनपुर, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रायगढ़ के न्यायालय में चेक बाउंस से संबंधित 15 अलग-अलग शिकायतें दायर की गई थीं। इन मामलों में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत कार्रवाई चल रही थी। न्यायालय ने उसकी उपस्थिति के लिए पहले समंस और फिर गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बावजूद उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए गए।
झारसुगुड़ा बस स्टैंड के पास घेराबंदी
“ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने फरार स्थायी वारंटियों की सूची तैयार कर गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। इसी दौरान पुलिस को सरोज बेहरा के झारसुगुड़ा क्षेत्र में होने की सूचना मिली। टीम झारसुगुड़ा पहुंची और बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर सरोज बेहरा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
किस्त के लिए जारी करता था चेक
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि सरोज बेहरा अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से वाहन फाइनेंस करवाता था और किस्तों के भुगतान के लिए चेक जारी करता था। पुलिस का कहना है कि बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी के बावजूद वह चेक जारी करता रहा। चेक बाउंस होने के बाद संबंधित पक्षों ने न्यायालय में शिकायतें दायर कीं। न्यायालय के समंस और वारंट के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर स्थायी वारंट जारी हुए थे।
चोरी के मामले में दो स्थायी वारंट
इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में फरार स्थायी वारंटी हेमंत दास महंत पिता अशोक दास महंत, निवासी जेलपारा धरमजयगढ़, वर्तमान पता छोटे अतरमुड़ा थाना चक्रधरनगर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ दो स्थायी वारंट लंबित थे। पुलिस ने हेमंत दास महंत को धरमजयगढ़ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दोनों स्थायी वारंटियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक कमलेश यादव और आरक्षक प्रताप बेहरा की भूमिका रही।






















