छोड़कर सामग्री पर जाएँ

जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें : कलेक्टर

IMG 20260912 WA0052
  • समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों, राजस्व प्रकरणों और शासकीय योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

रायगढ़, 12 सितम्बर 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला कलेक्टोरेट स्थित सभा कक्ष में शुक्रवार को समय-सीमा की बैठक लेकर सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जनदर्शन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर जनदर्शन में पहुंचते हैं। ऐसे आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदक को वास्तविक राहत मिले। उन्होंने प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों मेें अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निराकरण दर्ज करने से पहले संबंधित विभाग स्वयं प्रकरण की जांच करें, ताकि हितग्राही को समय पर उचित राहत मिल सके और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो।

शासकीय राशि की क्षति रोकने आरआरसी प्रकरणों में करें नियमानुसार कार्रवाई
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों, पंचायतों, नगरीय निकायों एवं अन्य शासकीय कार्यों से संबंधित आरआरसी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा, जिनमें शासकीय राशि जारी होने के बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है अथवा कार्य को पूरा करने में रुचि नहीं ली जा रही है। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए होना चाहिए और किसी व्यक्ति के व्यक्तिगत लाभ के कारण शासकीय राशि की क्षति नहीं होनी चाहिए। ऐसे प्रकरणों में संबंधितों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी वसूली प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने तथा वसूली की प्रगति में सुधार लाने को कहा।

बैठक में जल जीवन मिशन सहित विभिन्न शासकीय निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन हो। शासकीय निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने और संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों, नक्शा-बटांकन तथा ऑनलाइन भू-अभिलेखों के अद्यतनीकरण की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय भूमि से संबंधित अतिक्रमण एवं अन्य राजस्व मामलों में नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 को ध्यान में रखते हुए किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन, केसीसी एवं सहकारी बैंकों के माध्यम से ऋण वितरण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए। लोक सेवा केंद्रों में नागरिक सेवाओं की प्रक्रिया सरल बनाने पर भी जोर दिया गया।

आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
प्रधानमंत्री ग्रामीण एवं प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किस्त प्राप्त कर चुके हितग्राहियों के आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जिन हितग्राहियों ने अभी तक निर्माण प्रारंभ नहीं किया है, उन्हें तत्काल निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं, आवास निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों के मामलों में शासन के नियमानुसार आवश्यक वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने  दिव्यांगजनों तक यूडीआईडी का लाभ पहुंचाने के लिए समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं पंचायत विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की विभागवार तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रस्तावित गतिविधियों एवं आयोजन की तिथियों की जानकारी लेते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के जर्जर शासकीय भवनों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से अवगत कराने तथा किसी भी भवन की जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटना की संभावना न रहे, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने आदर्श ग्राम योजना, मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित लंबित प्रशासकीय स्वीकृतियों, नगरीय निकायों में कर वसूली तथा अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की। मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान
बैठक के दौरान शासन के निर्देशानुसार उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 कर्मचारियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, जवाबदेही और बेहतर कार्यप्रणाली के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम, सुश्री शिल्पा भगत सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: