छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ पुलिस की सख्ती: दुष्कर्म का आरोपी वहशी मामा अमित गोयल ने किया सरेंडर, पुलिस ने भेजा जेल

IMG 20260911 WA0013

रायगढ़। जिले में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर पुलिस प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष “अभियान संवेदना” के तहत पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के कठघरे में खड़ा किया जा सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके। इसी कड़ी में बीते दिनों छाल और लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और रिमांड पर लिया गया।

लंबे समय से फरार आरोपी ने किया सरेंडर

छाल पुलिस के चौतरफा दबाव के बाद दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी अमित उर्फ पुष्पेंद्र गोयल (46 वर्ष, निवासी छाल, पिता बुधराम गोयल) ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। मामला 8 अगस्त 2026 को दर्ज हुआ था, जब पीड़िता की मां ने चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए उनकी बेटी से दोस्ती बढ़ाई, बाद में दिसंबर 2022 में एक पारिवारिक मौके पर अकेला पाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया और धमकाकर चुप रहने को मजबूर किया।

पीड़िता के रायपुर पढ़ाई के दौरान भी आरोपी द्वारा उत्पीड़न जारी रखे जाने का आरोप है। मामले में धारा 64(2)(m) BNS और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया। अपराध दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे आरोपी पर पुलिस की लगातार छापेमारी का दबाव आखिरकार रंग लाया और उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 9 सितंबर को न्यायालय से सूचना मिलने पर छाल पुलिस ने आरोपी का एक दिन का रिमांड लिया, पूछताछ कर अहम साक्ष्य जुटाए, और रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे जेल भेज दिया गया।

लैलूंगा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

दूसरी घटना में लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में गांव के सूर्यांश यादव (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पीड़िता की मां ने 20 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बेटी के गुमसुम रहने पर पूछताछ करने पर उसने बताया कि 4 अगस्त की रात आरोपी उसे बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर अपने घर ले गया और जबरन संबंध बनाया। मामले में BNS धारा 65(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा लगातार मुखबीर तंत्र सक्रिय रखने के बाद आरोपी के गांव लौटने की सूचना मिलते ही छापेमारी कर उसे धर दबोचा गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पॉक्सो एक्ट के तहत रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि “अभियान संवेदना” के तहत महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों में त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: