रायगढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर उर्दना स्थित पुलिस लाइन में ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित की गई, वहीं गुजरात के एकतानगर में आयोजित विशेष ‘एकता परेड’ का जिले के 22 प्रमुख स्थानों पर सीधा प्रसारण दिखाया गया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों और पुलिस बल के बीच राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश प्रसारित करना था।
पुलिस लाइन उर्दना में जवानों ने लगाई एकता दौड़
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सुबह उर्दना स्थित पुलिस लाइन में रक्षित केंद्र और छठवीं वाहिनी के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में जिला पुलिस एवं सशस्त्र वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की और देश की संप्रभुता व एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।
चौक-चौराहों और पुलिस कार्यालय में हुआ लाइव प्रसारण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 22 प्रमुख स्थानों पर गुजरात के एकतानगर से राष्ट्रीय एकता परेड की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई। मुख्य चौक-चौराहों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने पुलिसकर्मियों के साथ परेड देखी।
रायगढ़ स्थित पुलिस कार्यालय में भी विशेष प्रसारण हुआ, जहां एनसीसी कैडेट्स और स्कूली विद्यार्थियों के साथ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और निरीक्षक सुखनंदन पटेल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एसएसपी ने कहा- विविधता में एकता ही देश की पहचान
मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता की भावना ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भाषा, वेशभूषा और संस्कृति अलग होने के बावजूद कश्मीर से कन्यातक भारत की पहचान एक है। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य को नक्सलमुक्त बनाने और शांति व्यवस्था कायम रखने में पुलिस बल की भूमिका अहम रही है।























