रायगढ़। रायगढ़ में इन दिनों सोशल मीडिया पर पुराने जमाने की यादें ताजा करने वाला खास AI ट्रेंड खूब चर्चा में है। AI टूल्स की मदद से मौजूदा तस्वीरों को 80 और 90 के दशक के कपड़ों, हेयरस्टाइल और माहौल में ढाला जा रहा है। मुख्यमंत्री से लेकर स्थानीय नेताओं और आम चेहरों तक सभी ने अपने अंदाज में तस्वीरें साझा की हैं। किसी में पुरानी कार, बॉलीवुड का दौर और राजदूत मोटरसाइकिल नजर आती है, तो कहीं विंटेज कैमरा और पुराने बाजार का नजारा भी दिखता है।
हर चेहरे ने अपने लिए अलग दौर और अंदाज चुना है, पिछले कुछ दिनों से यह ट्रेंड फेसबुक और इंस्टाग्राम पर तेजी से फैला है, और रायगढ़ में भी इसकी रफ्तार कम नहीं रही है। जैसे ही किसी नेता या स्थानीय चेहरे की तस्वीर पोस्ट होती है, मिनटों में उस पर कमेंट्स और लाइक्स की बाढ़ आ जाती है। कोई तारीफ में लिखता है तो कोई मजाक में पुराने जमाने के किस्से याद दिलाता है, और लोग एक दूसरे को टैग कर पुरानी फिल्मों व गानों के रेफरेंस जोड़ रहे हैं।
कमेंट बॉक्स में ही एक छोटी सी नॉस्टैल्जिया की महफिल सज जाती है, और यह ट्रेंड सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा है। नेताओं की गंभीर छवि से हटकर ये तस्वीरें उन्हें आम लोगों के करीब और अपनों जैसा दिखाती हैं, यही वजह है कि रायगढ़ में यह ट्रेंड शहर की चर्चा का हिस्सा बन चुका है। गौर करने वाली बात यह है कि कुछ तस्वीरें नेताओं ने खुद बनाई हैं, तो कई तस्वीरें उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने AI टूल्स की मदद से तैयार कर शेयर की हैं।
सीएम साय भी नजर आए पुराने अंदाज में
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद विष्णुदेव साय की तस्वीर भी इस ट्रेंड से अछूती नहीं रही। सादगी भरी शर्ट, ट्राउजर, चश्मा और विंटेज फोटो टोन के साथ उनकी तस्वीर बीते दौर की याद दिलाती है।

रायगढ़ विधायक और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सफेद ब्लेजर और मरून शर्ट में, हाथ में रिकॉर्ड लिए और पीछे म्यूजिक स्टूडियो जैसे सेटअप के साथ पूरी तरह 80s के अंदाज में नजर आए।

वहीं पत्थलगांव विधायक और रायगढ़ की पूर्व सांसद गोमती साय की तस्वीर में पारंपरिक परिधान और विंटेज टोन के साथ पुरानी पारिवारिक तस्वीर जैसा भाव दिखता है।

भाजपा नेता और मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह पत्नी के साथ हिमाचल के कुफरी की पृष्ठभूमि, ऊनी कपड़ों और पुराने कैमरे के साथ किसी बीते दौर की ट्रिप जैसी तस्वीर में नजर आए।

इसके अलावा आलोक सिंह ने पत्नी के साथ दो और रेट्रो तस्वीरें भी शेयर की हैं। एक घर के सोफे पर बैठी, तो दूसरी स्टूडियो बैकग्राउंड वाली।

दोनों तस्वीरों में सादगी भरे कपड़े, पुराने जमाने की टाई-सूट और विंटेज फोटो टोन साफ झलकता है।

भाजपा-कांग्रेस के स्थानीय चेहरों में भी दिखा गजब का क्रेज
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शाखा यादव डेनिम जैकेट, जींस और सनग्लास के साथ पुरानी कार के आगे 80s के फिल्मी अंदाज में दिखीं।

पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल की तस्वीर 1980 के क्लासिक लुक में है, पुराना हेयरस्टाइल, हल्की धारियों वाली शर्ट और विंटेज टोन।

पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने रंगीन जैकेट, सनग्लास और पुरानी कार के साथ 90s का रंग अपनाया।

रायगढ़ जिला कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी सूट, चेकर्ड टाई और चश्मे के साथ क्लासिक स्टूडियो पोर्ट्रेट वाले अंदाज में नजर आए।

भाजपा प्रवक्ता अशोक अग्रवाल की तस्वीर में डेनिम जैकेट, सनग्लास और पीछे खड़ी Rajdoot 175 इसे सीधे 80s की सड़कों पर ले जाती है।

खरसिया कांग्रेस के युवा नेता शैलेश शर्मा काला सूट, चौड़ी कॉलर वाली सफेद शर्ट, सनग्लास और गोल्ड चेन के साथ 1980s के दबंग फिल्मी अंदाज में दिखे,

जबकि कांग्रेस नेत्री नयना गबेल की तस्वीर पुराने स्टूडियो पोर्ट्रेट जैसी बनी।

जिला पंचायत सदस्य दीपक सिदार चेकर्ड सूट, बड़ी फ्रेम वाली चश्मा और पैटर्न वाली टाई के साथ पुराने जमाने के औपचारिक फोटो लुक में नजर आए।

भाजपा नेता मंजुल दीक्षित और यतीश गांधी की जोड़ी भी पुराने कपड़ों और विंटेज टोन के साथ रेट्रो अंदाज में साथ दिखी।

इसके अलावा यतीश गांधी ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ अपनी एक और रेट्रो तस्वीर बनाकर शेयर की है, जिसमें दोनों का पुराना, सहज अंदाज नजर आता है।

भाजपा के युवा नेता विंकल छाबड़ा पत्नी के साथ पुराने दौर के कपड़ों और स्टाइल में रेट्रो कपल लुक में नजर आए।
कपल्स ने भी दिया रेट्रो टच
कांग्रेस नेता तरुण गोयल और उनकी पत्नी शालू गोयल की तस्वीर में ब्लेजर-कॉलर शर्ट और साड़ी के साथ पुराने कपल पोर्ट्रेट की झलक दिखी।

भाजपा के युवा नेता विंकल छाबड़ा पत्नी के साथ पुराने दौर के कपड़ों और स्टाइल में रेट्रो कपल लुक में नजर आए।

युवा नेताओं में दिखा बॉलीवुड का जोश
कांग्रेस के युवा नेता रवि पांडे ने तो पूरा फिल्मी सीन ही रच डाला। ब्लैक लेदर जैकेट, सनग्लास, पुरानी कार और पीछे सिनेमा पोस्टरों से सजा बाजार, बिल्कुल किसी पुरानी फिल्म के दृश्य जैसा।

भाजपा नेता दीनु यादव रंगीन जैकेट, सनग्लास और जींस में, पुरानी कार और सूर्यास्त के बैकग्राउंड के साथ 80s-90s के फिल्मी पोस्टर जैसे अंदाज में दिखे।

कांग्रेस नेता वसीम खान की तस्वीर में पुरानी कार और बाजार के साथ कांग्रेस संगठन का बोर्ड भी नजर आया।

सोशल मीडिया पर सक्रिय सुधीर मिश्रा ने इस ट्रेंड को रोड ट्रिप से जोड़ा, Royal Enfield, पहाड़ी सड़क और विंटेज टोन के साथ पुराने दौर की बाइक यात्रा जैसी तस्वीर बनाई।

इस पूरे रेट्रो सिलसिले को पत्रकार नवरत्न शर्मा ने बिल्कुल अलग दिशा दे दी। जहां बाकी सब 80s-90s में ही ठहर गए, वहीं उनकी तस्वीर गुफा, आग, शैलचित्र और हाथ में भाले के साथ सीधे पाषाण काल में जा पहुंची और यकीनन इस पूरी गैलरी की सबसे मजेदार तस्वीर यही निकली।

रायगढ़ के वरिष्ठ क्रिकेटर सुरेंद्र पाल सिंह बल भी इस रेट्रो लहर में पीछे नहीं रहे, उन्होंने भी 90s के डेनिम स्टाइल में अपनी तस्वीर शेयर कर सबका ध्यान खींचा। नीली पगड़ी, डेनिम जैकेट और गॉगल्स में उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
रायगढ़ की रेट्रो गैलरी में दिखे कई रंग

रायगढ़ के इन चेहरों की तस्वीरों में Retro AI Trend के अलग-अलग रंग एक साथ देखने को मिल रहे हैं। किसी ने 80s का फैशन चुना तो किसी ने 90s का फिल्मी लुक, किसी ने पुरानी यात्रा को तस्वीर में उतारा तो किसी ने समय की सुई को हजारों साल पीछे घुमा दिया। राजनीति की गंभीर दुनिया में फिलहाल यह ट्रेंड एक हल्का-फुल्का और रचनात्मक रंग भर रहा है, और रायगढ़ के राजनीतिक व सामाजिक चेहरों को एक नए, अलग अंदाज में सामने ला रहा है।
























You must be logged in to post a comment.