छोड़कर सामग्री पर जाएँ

छाल-खरसिया रोड की बदलेगी सूरत: 15.34 करोड़ की लागत से सड़क का होगा सुदृढ़ीकरण, जिला प्रशासन और SECL के बीच MOU पर हस्ताक्षर

Chhal Kharsia Road MOU Raigarh27

रायगढ़। जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुवार को जिला प्रशासन रायगढ़ और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के तहत छाल से खरसिया रोड (स्टेट हाईवे–18) के कुल 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य को किया जाएगा। विदित हो कि इस कार्य के लिए SECL द्वारा कुल 15.34 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस कार्य का क्रियान्वयन लोक निर्माण विभाग (PWD) रायगढ़ द्वारा किया जाएगा। इस सड़क के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा स्थानीय नागरिकों और उद्योगों को भी काफी लाभ मिलेगा।

साथ ही, खनन क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जिला प्रशासन रायगढ़ और एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र के बीच हुए इस समझौते को क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस अवसर पर एसईसीएल रायगढ़ जीएम मनोज कुमार और पीडब्ल्यूडी ईई अमित कश्यप समेत कई अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। दरअसल, छाल-खरसिया मार्ग के इस 4.5 किलोमीटर हिस्से पर उड़ती धूल और जानलेवा गड्ढे लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बने हुए थे।

भारी कोल-वाहनों के दबाव के कारण यह सड़क न केवल चलने लायक नहीं बची थी, बल्कि दोपहिया चालकों के लिए यहाँ से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं था। अब सुदृढ़ीकरण होने से सबसे बड़ी राहत उन दुकानदारों और ग्रामीणों को मिलेगी, जिनका पूरा दिन धूल की परतों के बीच बीतता है। सड़क मजबूत होने से बार-बार होने वाले मेंटेनेंस का झंझट खत्म होगा और क्षेत्र के लोगों को उस ‘नर्क’ जैसे सफर से मुक्ति मिलेगी, जो पिछले कई सालों से उनकी मजबूरी बन चुका था।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: