पेरिस। पेरिस ओलंपिक 2024 के भाला फेंक स्पर्धा में भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा अपने खिताब की रक्षा करने में चूक गए। आज रात हुए फाइनल में नीरज चोपड़ा ने 89.45 मीटर की दूरी तय कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया वहीं ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। नदीम के लिए यह उनके देश के लिए पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक है, जिससे पाकिस्तान के खेल जगत में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है। अरशद की इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान को और भी मजबूत कर दिया है।
नीरज सिर्फ एक ही सफल प्रयास कर सके और उन्होंने छह में से पांच फाउल किए लेकिन उनका दूसरा रजत पदक के ये काफी था। नीरज चोपड़ा के इस प्रदर्शन पर पूरे भारत में गर्व की लहर दौड़ गई है। हालांकि, गोल्ड मेडल से चूकने के बावजूद नीरज ने ओलंपिक इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करवा लिया है। वे अब 2 ओलंपिक मेडल जीतने वाले भारत के चौथे एथलीट बन गए हैं। उनसे पहले सुशील कुमार, पीवी सिंधु और इसी ओलंपिक में मनु भाकर ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
नीरज चोपड़ा का यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, और उन्होंने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि वे विश्व स्तरीय एथलीट हैं। उनके सिल्वर मेडल के साथ भारत के ओलंपिक इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।
पीएम मोदी ने एक एक्स पर बधाई देते हुए लिखा ”नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता के साक्षात उदाहरण हैं! उन्होंने बार-बार अपनी प्रतिभा दिखाई है। भारत को खुशी है कि वह एक बार फिर ओलंपिक में सफल रहे हैं। रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। वह आने वाले अनगिनत एथलीटों को अपने सपनों को पूरा करने और हमारे देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”























