- ग्राम पंचायत नंदेली के महाअभियान में जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग, स्कूल के बच्चे, मितानिन, स्व-सहायता समूह और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, हरित ग्राम बनाने का लिया संकल्प
रायगढ़। पेड़ पर्यावरण को संरक्षित करता है, वायु प्रदूषण कम करता हैं और आने वाली पीढ़ी को हरित भविष्य देता है, पेड़ों का स्वास्थ्य और पर्यावरण से सीधा संबंध है, स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी के लिए वृक्ष लगाना हम सब की जिम्मेदारी है, पेड़ पौधे हमारे जीवन का एक जरूरी हिस्सा है, पेड़ पौधों के बिना मनुष्य नहीं बल्कि किसी भी प्राणी का जीवन संभव नहीं है हम अपनी सुविधा और प्रगति के नाम पर लगातार पेड़ों की अंधाधुंध कटाई करते जा रहे हैं, जिसके चलते पर्यावरण में वृक्षों की कमी होती जा रही है, वृक्षों की कटाई करने से भूमि बंजर होती जा रही है, पेड़ पर्यावरण का एक अनिवार्य हिस्सा है, धरती पर पेड़ों और पौधों के अस्तित्व के बिना मनुष्य और जानवरों एवं अन्य जीवों का अस्तित्व संभव नहीं है, उक्त संदेश क्षेत्रीय विधायक उमेश नन्दकुमार पटेल ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जन समूह को दी।
इस महा-अभियान के तहत ग्राम पंचायत नंदेली के तत्वाधान में आंगनवाड़ी के कार्यकर्ता, ग्राम के मितानिन, स्व सहायता समूह के सदस्य, स्कूल के बच्चे, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं ग्रामवासियों ने बहुत अधिक संख्या में सम्मिलित होकर इस पुण्य कार्य में अपनी आहुति दी। ग्राम नन्देली के प्रथम नागरिक ग्राम के सरपंच सुदर्शन पटेल ने कहा कि एक पेड़ लगाने से न सिर्फ पर्यावरण बचेगा बल्कि हम अपने लोगों को भी स्वस्थ हवा दे पाएंगे, इसलिए हम सब मिलकर ग्राम नन्देली़ को हरा-भरा बनाएं, स्वस्थ नंदेली, हरा भरा नंदेली बनाने हेतु अपने घर, खेत, स्कूल और सार्वजनिक जगहों पर एक-एक पौधा हम अपने बच्चों के लिए अवश्य लगायें।
प्राथमिक स्वा. केन्द्र नन्देली में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक (महिला) श्रीमती यमुना पटेल ने कहा कि आज हमारे लिए सबसे बड़ा समस्या प्रदूषण की है, जिसमें ग्लोबल वार्मिंग और बीमारियों की मुख्य वजह पर्यावरण का संतुलन है स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छ हवा और पानी बहुत जरूरी है । ग्राम के सक्रिय युवा खगपति मालाकार ने अपने उद्वबोधन में कहा कि हम सभी, संकल्प के साथ ग्राम वासियों ने ठाना है कि नन्देली को छत्तीसगढ़ का आदर्श हरित ग्राम बनाया जाएगा यह कार्यक्रम सरकार का नहीं हम ग्रामवासियों का अपना कार्यक्रम है, आज जो पेड़ लगाएंगे उसकी देखभाल भी हम ही करेंगे तभी हमारा नन्देली गांव में आने वाली पीढ़ी के लिए आदर्श बनेगा।
प्राथ. स्वा. केन्द्र नन्देली में पर्यवेक्षक के पद पर पदस्थ लालकुमार पटेल ने कहा कि डॉक्टर दवा देता है, लेकिन पेड़ जीवन देते हैं, एक पेड़ 10 मरीजों को स्वच्छ ऑक्सीजन देता है, ग्राम वासियों के इस जन आंदोलन से न सिर्फ पर्यावरण बचेगा, बल्कि हमारे गांव की बीमारियाॅं भी कम होंगी इसलिए सब मिलकर एक घर एक पेड़ का संकल्प लें। उक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम में लगभग 350 पौधे लगाये गये और आगामी दिनों में स्थल चयन कर शेष बचे पौधों को जल्द रोपित किया जावेगा।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के क्रम में ग्राम के हर सामाजिक, धार्मिक आदि कार्यों में अपना सम्पूर्ण भागीदारी देने वाले सुनिल पटेल ने कहा कि वृक्ष हमें ऑक्सीजन देते हैं, यह कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण को शुद्ध और स्वच्छ बनाने का कार्य करते हैं, इसके अलावा हमें फल, लकड़ी, फाइबर, रबर आदि और भी बहुत कुछ प्रदान करते हैं। हम लोगों को अधिक पेड़ों के रोपण के महत्व के बारे में संवेदनशील होना चाहिए। पेड़ हवा और वातावरण के हानिकारक किरणों को कम करता है, पेड़-पौधे बादलों को आकर्षित करते हैं और बारिश लाते हैं, उनकी जड़ें मिट्टी को मजबूती से बांधकर रखती है जिससे मिट्टी का कटाव रुकता है, पेड़ जीव-जंतुओं और पक्षियों के रहने की जगह और उनको भोजन भी देते हैं। इन्ही शब्दों के साथ उन्होंने सब का आभार भी व्यक्त किया।























