रायगढ़। खनिज विभाग ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए रेत, मिट्टी और मुरुम का अवैध खनन पकड़ा। दो हाईवा रेत, जेसीबी और 9 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पुसौर तहसील और रायगढ़ शहर के आसपास कार्रवाई की गई। दस जून से जिले में रेत का खनन प्रतिबंधित है, लेकिन रेत माफिया अभी भी खनन और परिवहन कर रहा है। खनिज विभाग ने दो रेत लोड हाईवा सीजी 13 एएल 5942 और सीजी 04 जेडी 6203 को भी जब्त किया है। कोई रॉयल्टी पर्ची नहीं मिली। बिना अनुमति के मिट्टी और मुरूम खनन पर भी कार्रवाई की जानी है।
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने पुसौर तहसील के सूरजगढ़ महानदी पुल के समीप से अवैध मिट्टी व मुरूम उत्खनन करते हुए दो ट्रैक्टर एवं एक जेसीबी को जब्त कर थाना पुसौर की सुपुर्दगी में दिया गया है। उक्त खनन शंभू प्रसाद साव निवासी तेलीपाली पुसौर करवा रहा था। इसी तरह सात ट्रैक्टर ग्राम चंघोरी तहसील पुसौर में रेत के अवैध परिवहन करते हुए पाए गए। सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना पुसौर की सुपुर्दगी में रखा गया है।
वाहन मालिक धरम साय निवासी सिंगपुरी जिला रायगढ़, छोटेलाल जायसवाल निवासी बालपुर जिला सक्ती, अनूप साव निवासी सिंगपुरी जिला रायगढ़, आनंद यादव निवासी सिंगपुरी जिला रायगढ़, अमित कुमार गुप्ता निवासी त्रिभौना जिला रायगढ़, बजरंग निषाद निवासी बालपुर जिला सक्ती हैं। सभी वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।





















