छोड़कर सामग्री पर जाएँ

राहुल गांधी से मिलना अपने आप में नई ऊर्जा का संचार है : नगेंद्र नेगी

Rahul

रायगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अभनपुर में आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर से लौटने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने कहा कि यह शिविर केवल औपचारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाने का व्यापक अभियान था। शिविर में मिली सीख और राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए लंबे समय तक प्रेरणा का स्रोत रहेगा। नगेन्द्र नेगी ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी से मिलना अपने आप में नई ऊर्जा का संचार है।

उनसे पहले भी मुलाकात का अवसर मिला है, लेकिन हर मुलाकात कार्यकर्ताओं के भीतर जनसेवा का नया उत्साह और संगठन के प्रति नई प्रतिबद्धता पैदा करती है। उनका सरल व्यक्तित्व, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता और देश के आम नागरिकों के मुद्दों को लेकर उनकी संवेदनशीलता प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा देती है।” नेगी ने बताया कि दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, नेतृत्व विकास और सामाजिक सरोकारों पर गहन प्रशिक्षण दिया।

विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं और जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर ही कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शिविर की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि सभी जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को गांवों में जाकर आम लोगों के बीच रहने का अवसर मिला। मनरेगा श्रमिकों के साथ श्रम करना, ग्रामीण परिवारों के बीच समय बिताना और गांव में रात्रि विश्राम करना प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।  इससे ग्रामीण जीवन, श्रमिकों की चुनौतियों और आम जनता की वास्तविक समस्याओं को निकट से समझने का अवसर मिला।

नगेन्द्र नेगी ने कहा कि प्रशिक्षण में मिली सीख को अब रायगढ़ जिले के प्रत्येक ब्लॉक, सेक्टर और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है। जल्द ही जिला एवं ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को समझना और उसके अधिकारों के लिए संघर्ष करना है।

अभनपुर प्रशिक्षण शिविर ने कार्यकर्ताओं में सेवा, समर्पण, अनुशासन और संगठन के प्रति नई प्रतिबद्धता का भाव जगाया है। नेगी ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण शिविर से मिली प्रेरणा के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से अधिक मजबूती और ऊर्जा के साथ जनता के बीच काम करेंगे तथा संगठन को बूथ स्तर से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: