- धरमजयगढ़ में जमीनों का मायाजाल, नियंत्रण नहीं लगा पाया प्रशासन
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। धरमजयगढ़ में जमीनों का तिलिस्म अब तक कोई नहीं तोड़ पाया। एक अलग ही दुनिया है वहां, जहां जमीनों को एक पल में सरकारी से निजी बना लिया जाता है। अब एक ऐसी रजिस्ट्री हुई है जिसमें मूल खसरे का रकबा बढ़ गया है। घास मद की जमीन भी बेच दी गई है। सोचने वाली बात यह है कि अचानक से धरमजयगढ़ और कापू की जमीनों पर बाहरी लोगों का इंट्रेस्ट कैसे बढ़ गया है। क्या एक साजिश के तहत धरमजयगढ़ में जमीनों की खरीदी-बिक्री करवाई जा रही है। दूसरे जिलों और प्रदेशों के लोग आकर ऐसी जमीनें खरीद रहे हैं जिनके अभिलेखों में घास मद दर्ज है। 27 अक्टूबर 2026 को कापू तहसील के क्रिंधा में 11 खसरों की रजिस्ट्री हुई।
विक्रेता राजकुमार चौधरी पिता चक्रधर चौधरी निवासी लिबरा, तमनार ने प्रगति इंफ्रालीज की ओर से प्रवीण चंद्र झा पिता रमानाथ झा निवासी डीपुपारा वार्ड 15 बिलासपुर को जमीन बेची। खनं 173 (0.511 हे.), 27/3 (0.158 हे.), 440/5 (0.454 हे.), 445 (0.178 हे.), 446 (0.522 हे.), 469/2 (0.121 हे.), 474/2/क (0.214 हे.), 474/2/ख (0.275 हे.), 474/2/घ (0.296 हे.), 476 (0.121 हे.) और 497/2 (0.251 हे.) कुल 3.101 हे. को मात्र 15.58 लाख रुपए में विक्रय किया गया है। मतलब दो लाख रुपए एकड़ में जमीन बेची गई है जो वास्तविक लेन-देन से बहुत कम है। इस जमीन में भी अलग कहानी है। मूल खसरा नंबर 497 का कुल रकबा करीब 1.18 हे. (2.82 एकड़) था। अब इस खसरे के तीन टुकड़ों की रजिस्ट्री हुई है, जिसमें कुल रकबा बढक़र 1.8540 हे. (4.586 एकड़) हो गया है। यह चमत्कार कैसे हुआ, पटवारी और तहसीलदार ही बता सकते हैं।
आदिवासी भूमि कैसे हुई गैर आदिवासी के नाम
इस रजिस्ट्री में बहुत सारे पेंच हैं। अधिकार अभिलेख और मिसल रिकॉर्ड में खनं 497 अनुसूचित जनजाति के नाम पर दर्ज है। अब 497/1 में सावित्री बाई, 497/2 प्रगति इंफ्रालीज और 497/3 दूधेश्वर पिता विमल कुमार अनुसूचित जनजाति के नाम पर दर्ज है। वही खसरा नंबर 440 मिसल में घास मद के रूप में दर्ज था, जिसका कुल रकबा 20.17 हे. था। इसमें से 440/5 रकबा 0.454 हे. की रजिस्ट्री कराई गई है। जबकि मूल खसरे का पहला टुकड़ा 440/1/क छग शासन के नाम पर दर्ज है। मतलब यह आवंटन भूमि थी, जिसकी रजिस्ट्री हुई है।
तीनों टुकड़े अलग-अलग कोने में
राजस्व विभाग ने नक्शे का एक मायाजाल रचा है जिसने लोगों को उलझा दिया है। किसी भी खसरे के टुकड़े होते हैं तो वह एक दूसरे से जुड़े ही रहेंगे। ऐसा कभी नहीं होता कि सभी टुकड़े अलग हों। लेकिन क्रिंधा में ऐसा है। खनं 497 के तीनों टुकड़े एकदूसरे पूरी तरह अलग हैं। किसी का एक कोना भी दूसरे को नहीं छूता। बीच में दूसरे खसरे हैं। इसमें भी जिसका रकबा अधिक है, वह नक्शा छोटा और जो जमीन छोटी है उसका नक्शा साइज बड़ा है।

























