रायगढ़ (केलो प्रवाह)। स्थानीय सराईभद्दर मोहल्ले में रविवार की सुबह उस वक्त बवाल मच गया जब वहां स्थित ग्राम देवता ठाकुर देव की मूर्ति खंडित मिली। मोहल्ले के निवासी पिता पुत्रों द्वारा इस कृत्य को अंजाम दिये जाने की बात सामने आने पर आक्रोशित मोहल्लेवासी जूटमिल थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। इधर रिपोर्ट दर्ज कराये जाने की भनक लगते ही मुख्य आरोपी फरार हो गया परंतु पुलिस ने उसके दो बेटों को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की पतासाजी की जा रही है।
उक्त मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जूटमिल थानांतर्गत वार्ड क्रमांक 34 सराईभद्दर में बालाजी राईस मिल के पीछे चबूतरे पर मोहल्ले के ग्राम देवता ठाकुरदेव की प्रतिमा स्थापित कर वर्षों से क्षेत्र के लोग पूजा अर्चना करते आ रहे हैं। रविवार की सुबह ठाकुर देव की प्रतिमा खंडित मिली तथा आस पास भी तोड़ फोड़ की गई थी। इस बात से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि ठाकुरदेव के चबुतरे से लग कर लक्ष्मी चौहान घर बनाया है तथा ठाकुर देव को वहां से हटाने के लिए पूर्व भी उसने मोहल्लेवासियों से झगड़ा किया था तथा रविवार को भी उसने अपने दो बेटों के साथ मिल कर वहां तोड़ फोड़ की है।
इस पर आक्रोशित मोहल्ले वासियों ने जूटमिल थाना पहुंच कर पिता पुत्रों के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए लक्ष्मी चौहान और उनके दोनों बेटे राहुल चौहान एवं गणेश चौहान पर ठाकुरदेव की मूर्ति को पैर से मारकर तोडऩे का आरोप लगाया गया है। वहीं मोहल्लेवासियों का कहना है कि ठाकुर देव उनके ग्राम देवता हैं और वर्षों से मोहल्लेवासी यहां पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। ऐसे में मूर्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और पूरे मोहल्ले में भारी नाराजगी है। उनका कहना था कि मामला केवल एक मूर्ति को नुकसान पहुंचाने का नहीं, बल्कि उनकी वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा हुआ है।
इसलिए इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस द्वारा क्षेत्र के रहवासियों की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की। वहीं खाकीवर्दीधारियों को आते देख लक्ष्मी चौहान फरार हो गया। पुलिस ने उसके बेटे राहुल चौहान व गणेश चौहान को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है तथा फरार लक्ष्मी चौहान की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

























