छोड़कर सामग्री पर जाएँ

खरसिया में सूने मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी, 80 हजार का सामान और दस्तावेज समेट ले गए चोर

E0A496E0A4B0E0A4B8E0A4BFE0A4AFE0A4BEE0A4B0E0A587E0A4B2E0A4B5E0A587E0A4B8E0A58DE0A49FE0A587E0A4B6E0A4A8 1

रायगढ़-खरसिया। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र से एक दुस्साहसिक चोरी की खबर सामने आई है। ग्राम मदनपुर में स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए वहां रखे हजारों रुपये के सामान, नकदी, पूजा के चांदी के सिक्के और जरूरी कागजात पर हाथ साफ कर दिया। दो महीने से खाली पड़े इस घर में चोरों ने बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने खरसिया पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

दो महीने से बंद था घर, सुबह पहुंचीं तो उड़े होश
मदनपुर गांव की रहने वाली आरती डनसेना अपने पति भुवन लाल डनसेना के निधन के बाद पिछले दो महीने से मायके ग्राम सरवानी में रह रही थीं। मदनपुर चौक स्थित उनके मकान में ताला लगा हुआ था। बुधवार की सुबह जब आरती अपने भाई के साथ घर की देखभाल के लिए मदनपुर पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के कमरों के दरवाजों के कुंडे टूटे हुए थे और खिड़की की सलाखों को मोड़कर अंदर घुसने का रास्ता बनाया गया था। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती चीजें गायब थीं।

इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और जेवरात के साथ सरकारी कागज भी ले गए चोर
अंदेशा जताया जा रहा है कि यह वारदात मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे से 4 बजे के बीच हुई है। चोर घर में रखा 1 एचपी का सबमर्सिबल पंप, कूलर, वाशिंग मशीन, सुकाम कंपनी का इन्वर्टर और बैटरी, 32 इंच का एलजी एलईडी टीवी, कंप्यूटर सेट, लैपटॉप, 4 भरे हुए गैस सिलेंडर, पंखे और मिक्सी तक उठाकर ले गए। इसके अलावा मंदिर में रखी गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, 11 चांदी के सिक्के, करीब 8500 रुपये नकदी, पीतल-कांस के बर्तन, औजार और अलमारी से जरूरी कागजात भी चोरी हो गए। चोरों ने जमीन के दस्तावेज, पैन कार्ड, राशन कार्ड और सामानों के बिल भी नहीं छोड़े। कुल मिलाकर करीब 80 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, चोरों की तलाश जारी
घटना के बाद पीड़िता आरती डनसेना ने खरसिया चौकी पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक रामभजन राठिया के जरिए एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: