छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ग्रामीणों के रास्ते पर कब्जा कर रहा मां काली एलॉयज

IMG 20240807 WA0010
  • कंपनी संचालक की दादागिरी से त्रस्त ग्रामीण पहुंचे कलेक्टर से मदद मांगने

रायगढ़, 6 अगस्त। उद्योगों के कब्जे में सैकड़ों एकड़ सरकारी राजस्व भूमि और वन भूमि है। बिना आवंटन के ऐसी जमीनों पर अतिक्रमण है। ऐसा ही आरोप मां काली एलॉयज के संचालक राजेंद्र पोद्दार पर भी लगा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से की गई शिकायत में कहा है कि उद्योग द्वारा धरसा जमीन को घेरा जा रहा है, जो उनका रास्ता है। मंगलवार को पाली गांव के निवासी कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे थे। उनका कहना है कि पाली गांव के शासकीय जमीन को मां काली एलॉयज के संचालक राजेंद्र पोद्दार ने कब्जा कर लिया है। भूमि शासकीय धरसा भूमि है जिस पर सालों से ग्रामवासी आवाजाही कर रहे हैं। उन्होंने शासकीय जमीन पर कब्जा करने एवं बाउंड्रीवॉल बनाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

ग्रामवासियों ने बताया कि दो-तीन दिन पहले से उस जमीन पर बाउंड्रीवॉल बनाई जा रही है। पेड़-पौधों को भी काटा जा रहा है। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति की तो संचालक राजेंद्र पोद्दार दादागिरी करने लगा। गांववालों को धमकी भी दी जा रही है। कंपनी ने अगर वहां बाउंड्रीवॉल बना दी तो ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता अवरुद्ध हो जाएगा। उस जमीन पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य करने के लिये कोई भी अनुमति भी नहीं ली गई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि उद्योग ने वन भूमि पर भी कब्जा किया है। क्षेत्र में सैकड़ों पेड़ों की कटाई भी कर दी गई। पर्यावरण को क्षति पहुंचाने के साथ सरकारी जमीन भी कब्जाई जा रही है।

अतिक्रमण पर सबके लिए एक नियम
उद्योग हो चाहे कोई आम आदमी, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने पर एक ही नियम के तहत कार्रवाई का प्रावधान है, लेकिन कार्रवाई करते समय सबकुछ बदल जाता है। आम आदमी पर प्रशासन का डंडा पूरी ताकत से चलता है। जबकि उद्योगों को खुली छूट दी जाती है। पाली, देलारी, गेरवानी, जमडबरी, सराईपाली आदि गांवों में उद्योगों के खिलाफ शिकायत आने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: