रायगढ़। रामपुर स्थित नगर वन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की वन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। नगर वन के सौंदर्यीकरण को लेकर योजना तैयार करने पीसीसीएफ अरूण पाण्डेय ने रायगढ़ पहुंच कर वन विभाग की टीम के साथ स्थल निरीक्षण किया। वर्तमान में हुए निर्माण कार्यों में भी कुछ खमियां पाई गई जिस पर श्री पाण्डेय ने नाराजगी जाहिर करते हुए उनमें सुधार कार्य करवाने के निर्देश दिये। वहीं सौंदर्यीकरण करने व योगा के लिए चबुतरा व जीम सहित छत्तीसगढ़ की विभिन्न जानकारियों से संबधित बोर्ड लगाने के लिए उन्होंने डीएफओ को निर्देशित किया है।
रायगढ़ जिले के विभिन्न स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने पीसीसीएफ अरूण पाण्डेय शनिवार को रायगढ़ प्रवास पर रहे। इस दौरान श्री पाण्डेय ने डीएफओ स्टायलो मण्डावी के वन विभाग की टीम के साथ खरसिया के बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन, भूपदेवपुर के राम झरना व रायगढ़ शहर में रामपुर में स्थित नगर वन का निरीक्षण किया। इन स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने डीएफओ को निर्देशित किया है। वहीं नगर वन में पहाड़ से बरसात में उतरने वाले पानी को रोकने के लिए छोटे स्टाप डेम बनाने, ओपन जीम, योगा करने वालों के लिए चबूतरा व एक अच्छे उद्यान का निर्माण करने के लिए उन्होने कहा है।
साथ ही पहाड़ पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर व अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी के बोर्ड लगाने पर भी विचार किया गया जिससे उद्यान में घूमने आने वाले युवाओं को भी कई प्रकार की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। रामझरना में सुधार कार्य सप्ताह भर के भीतर शुरू करने की बात उन्होंने कही है। वहीं रॉक गार्डन में भी घुमने आने वालों के मनोरंजन के लिए भी कार्य करवाया जावेगा। वहीं शहर से लगे हुए नगर वन का सौंदर्यीकरण का कार्य भी जल्द शुरू करने के लिए उन्होंने कहा है। वहीं नगर वन में वर्तमान में हुए निर्माण कार्योंं में पैगोड़ा व अन्य निर्माण में कुछ खामियां पाई गई जिस पर अरूण पाण्डेय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनमें भी सुधार करने के लिए डीएफओ को निर्देशित किया है।























