छोड़कर सामग्री पर जाएँ

भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन ‘भारत 28’ का निर्माण तेज, 2027 तक परिचालन शुरू करने का लक्ष्य

IMG 941f50eb 6bcd 4acc a0ed 03ffed886313

बेंगलुरु। भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेंगलुरु स्थित भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) की आदित्य मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में तैयार हो रहे प्रोटोटाइप ‘भारत 28’ (B-28) की सुरक्षा-परीक्षण प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का दौरा कर ट्रेन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। रेलवे का लक्ष्य अगस्त 2027 से इस ट्रेन का व्यावसायिक परिचालन शुरू करने का है।

स्क्वीज टेस्ट के बाद होगा क्लाइमेटिक और प्रोपल्शन परीक्षण

अश्विनी वैष्णव के अनुसार, ट्रेन के पहले कोच की इंटीग्रेटेड कार बॉडी का ‘स्क्वीज टेस्ट’ अंतिम चरण में है और यह अगले हफ्ते तक पूरा हो जाएगा। इस परीक्षण के जरिए यह परखा जाता है कि ट्रेन का ढांचा बाहरी दबाव और भारी ताकतों को बिना किसी नुकसान के झेल सकता है या नहीं। यह परीक्षण पूरा होने के बाद इंजीनियर ट्रेन में प्रोपल्शन सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाएंगे। इसके बाद कोच का क्लाइमेटिक टेस्टिंग किया जाएगा, जिससे यह देखा जा सकेगा कि ट्रेन 50 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान, अत्यधिक ठंड, धूल भरे माहौल और भारी बारिश जैसे अलग-अलग मौसमों में किस तरह काम करती है। बीईएमएल द्वारा शुरुआत में आठ-आठ कोच वाली दो स्वदेशी बुलेट ट्रेनें बनाई जा रही हैं।

249 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति और 557 यात्रियों की क्षमता

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए तैयार की जा रही ‘भारत 28’ ट्रेन की अधिकतम टेस्ट स्पीड 280 किमी प्रति घंटा होगी, जबकि इसकी ऑपरेशनल स्पीड 249 किमी प्रति घंटा तय की गई है। लगभग 202 मीटर लंबे इस ट्रेनसेट में आठ कोच होंगे, जिनमें चार मोटर कारें और चार ट्रेलर कारें शामिल हैं। ट्रेन में कुल 557 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी, जिसमें सात स्टैंडर्ड-क्लास कोच (3×2 सीटिंग) और एक एग्जीक्यूटिव-क्लास कोच (2×2 सीटिंग) शामिल हैं। आवश्यकता पड़ने पर आठ-आठ कोच वाली दो ट्रेनों को जोड़कर 16 कोच की ट्रेन बनाई जा सकेगी, जिससे यात्री क्षमता दोगुनी हो सकेगी। ट्रेन के दोनों सिरों पर ड्राइवर कैब होंगे, जिनमें निर्णय लेने और ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर के साथ तालमेल के लिए इंटेलिजेंट ऑनबोर्ड कंट्रोल सिस्टम लगा होगा।

यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और विशेष डिजाइन

ट्रेन के अंदर यात्रियों के लिए आरामदायक सीटें, अधिक लेगरूम, बड़ी खिड़कियां, एलईडी लाइटिंग, ओवरहेड सामान रैक और बड़े लगेज के लिए फ्लोर स्टोरेज स्टैंड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हर यात्री के लिए अलग पावर आउटलेट, वाई-फाई आधारित इंफोटेनमेंट सिस्टम, बायो-डाइजेस्टर टॉयलेट, इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट और हीटिंग, वेंटिलेशन व एयर-कंडीशनिंग (HVAC) सिस्टम मौजूद रहेगा। कोच में हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी देने वाले एलसीडी डिस्प्ले लगाए जाएंगे।

दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन का फर्श प्लेटफॉर्म की ऊंचाई के बराबर रखा गया है और दरवाजों में बाहर निकलने वाले ऑटोमैटिक पायदान दिए गए हैं, ताकि प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गैप कम रहे। दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए ब्रेल लिपि वाले साइन बोर्ड और व्हीलचेयर अनुकूल टॉयलेट भी बनाए गए हैं। ऊर्जा की बचत के लिए ट्रेन में 25 kV AC ओवरहेड सिस्टम के साथ रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जबकि हवा के दबाव और शोर को कम करने के लिए ट्रेन को एयरोडायनामिक डिजाइन दिया गया है।

सूरत-वापी सेक्शन पर शुरू होगा पहला ट्रायल रन

रेलवे की योजना के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2027-28 की पहली तिमाही में मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर के लगभग 100 किलोमीटर लंबे सूरत-वापी सेक्शन पर इस स्वदेशी ट्रेन का टेस्ट रन शुरू किया जाएगा। वहीं, 508 किलोमीटर लंबे पूरे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को दिसंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह ट्रेन जापानी शिंकांसेन तकनीक पर निर्भर रहे बिना पूरी तरह घरेलू स्तर पर विकसित की जा रही है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: