नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के जल्द ही चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी प्रणाली 14 नवंबर को दबाव क्षेत्र और 15 नवंबर को डिप्रेशन में बदलेगी। इसके बाद उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम के आसपास इसके मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान बनने के आसार हैं। पिछले कुछ दिनों के दौरान बनने वाला यह तीसरा चक्रवाती तूफान होगा, जिसके चलते कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा जैसे तटीय राज्यों में भारी बारिश होगी। दक्षिण भारत में 13 से 15 नवंबर और 16 से 19 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की संभावना है। वहीं 15 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 13 से 15 नवंबर तक बारिश और 16 से 19 नवंबर के दौरान अत्यंत भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा लक्षद्वीप में 13 से 19 नवंबर, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 19 नवंबर के बीच बारिश होगी। 18 और 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश की चेतावनी है।
पूर्वी भारत के क्षेत्रों में, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 13 से 19 नवंबर तक व्यापक स्तर पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 13 से 17 नवंबर तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर रहेगा, जबकि 13 से 16 नवंबर के बीच भारी वर्षा का अनुमान है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 18 और 19 नवंबर को बारिश होगी। ओडिशा में 18-19 नवंबर को भारी वर्षा तथा पश्चिम बंगाल के मैदानी भागों में 19 नवंबर को तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 14 और 15 नवंबर को हल्की अथवा छिटपुट बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर जैसे जिलों में बारिश का कोई व्यापक अलर्ट नहीं है। हालांकि पहाड़ों की ओर से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में तापमान गिरेगा और सुबह-शाम ठंडक में इजाफा होगा।
उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में 13 से 14 नवंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-15 नवंबर, जबकि पूर्वी राजस्थान में 15 नवंबर को बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 15 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश का अनुमान है।
कश्मीर घाटी में बर्फबारी और बारिश से गिरा तापमान
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 नवंबर को व्यापक बारिश दर्ज की गई, जबकि 14 और 15 नवंबर को भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। अधिकारियों के अनुसार, कश्मीर के मैदानी इलाकों में रातभर मध्यम से भारी बारिश हुई और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। पर्यटन स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुरेज और कुपवाड़ा के ऊपरी इलाकों के साथ-साथ जोजिला दर्रे और शोपियां को जोड़ने वाले मुगल रोड पर बर्फबारी हुई है।
प्रशासन ने बंद हुए महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों से बर्फ हटाने और यातायात बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बारामूला में 49.5 मिलीमीटर, गुलमर्ग में 40.6 मिलीमीटर और कुपवाड़ा में 37.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने अगले 24 घंटों में छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिसके बाद 15 से 21 नवंबर तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

























