- पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला किया दर्ज
रायगढ़, 01 मई। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अम्बेटिकरा प्रेमनगर निवासी सहेसराम मांझी पिता संतराम मांझी उम्र 33 वर्ष की मौत एक हादसे के दौरान हो गई। बताया जा रहा है कि घटना बीते 29 अप्रैल की सुबह करीब 9:00 बजे की है, जब मांड नदी खम्हार रोड के पास ट्रैक्टर धोने का काम चल रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक, मौके पर मौजूद जॉन डियर ट्रैक्टर के चालक ने ट्राली को हाइड्रोलिक के जरिए ऊपर उठाया था और सहेसराम मांझी को नीचे के हिस्से को पानी से धोने के लिए कहा था। इसी दौरान अचानक हाइड्रोलिक पाइप फट गया और ट्रैक्टर की भारी-भरकम ट्राली सीधे नीचे सहेसराम के ऊपर गिर गई। इस हादसे में सहेसराम मांझी के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई कमल सिंह मांझी ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। धरमजयगढ़ पुलिस ने इस मामले में मर्ग जांच शुरू की और परिजनों व गवाहों के बयान दर्ज किए।
जांच के दौरान यह पाया गया कि ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही बरतते हुए युवक को हटने के लिए नहीं कहा और असुरक्षित तरीके से काम कराया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस ने अब इस मामले में लापरवाही पूर्वक कार्य करने के आधार पर धारा 106(1) बीएनएस और 184 एलकेएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की विवेचना कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।





















