रायगढ़। रायगढ़ में एनएच-49 पर भुपदेवपुर थाना क्षेत्र के रक्सापाली मांड नदी के पास आज अलसुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बिलासपुर से अंगूर लादकर आ रही पिकअप क्रमांक CG06HC9417 अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में पिकअप का चालक घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से मद्द पहुंचाते हुए प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद पिकअप में लदी अंगूर की सैकड़ों पेटियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे माल का काफी नुकसान हुआ है।
तड़के हुए इस हादसे के चलते नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में व्यवस्थित कर दिया गया। गौरतलब है कि एनएच-49 का यह हिस्सा पूर्व में भी दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील रहा है, और आज हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मौके पर यातायात सामान्य हो चुका है।























