खरसिया, 23 फरवरी। खरसिया के ग्राम जामझोर में एनएच 49 के समीप ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 22 फरवरी को भव्य रूप से किया गया। उद्घाटन अवसर पर युवा नेता अरविंद मोहंती एवं ग्राम सरपंच देवकुमारी राठिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसके पश्चात अतिथियों ने फीता काटकर मैच का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, ग्रामीणजन एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन युवा समिति जामझोर द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रथम पुरस्कार 31,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 7,000 रुपये एवं चतुर्थ पुरस्कार 5,000 रुपये रखा गया है। ग्रामीण स्तरीय इस प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.























