पुणे। नवरात्रि के गरबा उत्सव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुणे में गरबा किंग के नाम से मशहूर अशोक माली की गरबा खेलते हुए अचानक मौत हो गई। यह घटना सोमवार रात की है जब अशोक माली अपने बेटे भावेश के साथ गरबा खेल रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे पूरे जोश और उत्साह के साथ गरबा खेलते हुए अचानक गिर पड़े। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है।
गरबा खेलते हुए हार्ट अटैक से मौत
दरअसल, नवरात्रि के इस पवित्र पर्व पर हर उम्र के लोग गरबा और डांडिया का आनंद लेने में जुटे हुए हैं। अशोक माली, जिन्हें गरबा किंग के नाम से जाना जाता था, सोमवार रात पुणे के एक बड़े गरबा आयोजन में अपने बेटे के साथ शामिल थे। खेलते-खेलते अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और वह जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद लोग पहले तो कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब लोग दौड़कर उनके पास पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अशोक माली की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
वायरल हुआ वीडियो, फैन्स में शोक की लहर
अशोक माली की मौत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि माली पूरे जोश में गरबा खेल रहे थे, और अचानक गिरने के बाद वे उठ नहीं सके। यह वीडियो लोगों को अंदर तक हिला गया है और कईयों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएँ दी हैं। माली के फैंस और गरबा प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
‘गरबा किंग’ के नाम से थे प्रसिद्ध
अशोक माली केवल पुणे ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में गरबा किंग के रूप में मशहूर थे। उनका खास गरबा स्टाइल लोगों के बीच काफी लोकप्रिय था और सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स थे। माली ने अपनी जिंदगी गरबा और डांडिया के प्रति समर्पित कर दी थी। वे हर साल नवरात्रि के दौरान कई गरबा कार्यक्रमों में भाग लेते थे और अपनी कला से लोगों को प्रभावित करते थे। उनके फैंस का कहना है कि माली की मौत से गरबा प्रेमियों को अपूरणीय क्षति हुई है।
परिवार और प्रशंसकों को भारी धक्का
अशोक माली मूल रूप से धुले जिले के शिंदखेड़ा तालुका के होल गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में पुणे के चाकन में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनकी अचानक मौत से उनका परिवार और प्रशंसक सदमे में हैं।

























