छोड़कर सामग्री पर जाएँ

किसानों ने की थी शिकायत, साराडीह बैराज की फाइल कहां दबी

IMG 20260903 WA0009
  • डूब क्षेत्र की जमीनों पर रायपुर की कंपनियों ने किया कब्जा, संदेहास्पद रजिस्ट्रियां

रायगढ़,(केलो प्रवाह)। अविभाजित रायगढ़ जिले में सबसे बड़े भूमि अधिग्रहण घोटालों में एक साराडीह बैराज घोटाला भी है। किसानों की डूब क्षेत्र में जाने वाली जमीनों को रेत लीज के नाम पर औने-पौने दामों में खरीदा गया। सुशासन तिहार में आई किसानों ने इसकी शिकायत की थी ताकि जांच हो। लेकिन मामला अभी भी दबा हुआ है। बताया जा रहा है कि कलमा बैराज और साराडीह बैराज के घोटाले से कई अफसर लाल हो चुके हैं। इसलिए जांच नहीं हो रही है। साराडीह बैराज के लिए कुल नौ गांवों जशपुर, छतौना, नावापारा, तिलाईमुड़ा, जसरा,

दहिदा, बरभांठा, धूता, घोटला छोटे के 1034 किसानों से 432.150 हे. भूमि का अधिग्रहण किया गया। किसानों की इस सूची में करीब आठ नाम गांवों से बाहर के हैं। पहला नाम अजय अग्रवाल पिता मुनुलाल का है जिनकी 0.119 हे. भूमि के लिए 2.62 लाख रुपए मिले। इसी तरह अरुण अग्रवाल निवासी रायपुर को भी 2.036 हे. भूमि के एवज में 44.91 लाख रुपए मिले। इसके बाद विमल एग्रीकल्चर डायरेक्टर विमल अग्रवाल निवासी रायपुर को 10.758 हे. भूमि का मुआवजा 2.38 करोड़ रुपए दिया गया है। अंतिम नाम सबसे बड़ी कंपनी मदनपुर साउथ कोल कंपनी डायरेक्टर आलोक चौधरी का है।

इनको जशपुर की 126 हे. जमीन के बदले करीब 28 करोड़ रुपए मिले। यह सिर्फ मुआवजा है जो 15 साल पहले दिए गए। जशपुर में ही मदनपुर साउथ कोल कंपनी ने 126 हे. जमीन खरीद ली थी। पूरी जमीन टुकड़ों में नदी किनारे की थी। कलमा बैराज की तरह ही यहां भी ब्याज सहित मुआवजा दिया गया। 4 जनवरी 2017 को कोसीर थाने में भी शिकायत दर्ज की गई। 15 जनवरी 2017 को एसपी के निर्देश पर जांच शुरू हुई जो अधूरी है। इसके बाद सुशासन तिहार में फिर से शिकायत हुई लेकिन जांच अब तक नहीं हो सकी है।

पानी में डूबी जमीन का मुआवजा
पूरी कृषि भूमि को एक व्यावसायिक संस्थान ने खरीदी। मदनपुर कोल कंपनी ने 136 टुकड़ों में 126 हे. जमीन खरीदी थी। मुआवजा पाने के लिए धोखे से रजिस्ट्री करवाई गई। औने-पौने दामों में मदनपुर साउथ कोल कंपनी और विमल एग्रीकल्चर ने भूमि क्रय की। किसानों ने बाद में कई बार शिकायत की लेकिन मामला दबा दिया गया। जशपुर गांव में दो भागों में भूअर्जन किया गया। आधी रात तक उप पंजीयक सारंगढ़ के दफ्तर खुले रहे। भारतमाला घोटाले में संलिप्त डिप्टी कलेक्टर शशिकांत कुर्रे भी सारंगढ़ में तहसीलदार थे, तब साराडीह घोटाला हुआ।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: