रायगढ़। अगर आप रायगढ़ शहर के निवासी हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए बिजली विभाग ने शहर में तारों को बदलने का अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को 33/11 केवी गर्ल्स कॉलेज सब-स्टेशन के अंतर्गत आने वाले 11 केवी स्टेशन फीडर में मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इसके चलते शहर के 14 प्रमुख मोहल्लों में सुबह 10:30 से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इन क्षेत्रों में खुले तारों को हटाकर कवर्ड (केबल) तार लगाने का काम पहले भी किया गया था, लेकिन कुछ तकनीकी बाधाओं के कारण कार्य अधूरा रह गया था। मंगलवार को शटडाउन लेकर इस पेंडिंग काम को पूरा किया जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि यदि तकनीकी कार्य में अधिक समय लगता है, तो शटडाउन की अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है। बिजली बंद रहने से शहर मुख्य रूप से एसपी बंगला एवं ऑफिस, सिविल लाइन, स्टेशन चौक, आटले चौक, गंज चौक, दरोगापारा, गुजराती पारा, रेलवे कॉलोनी, गांधी गंज, नायक बाड़ा, नटवर स्कूल, पथिक होटल, गुड लक होटल और निगम कॉम्प्लेक्स का एरिया प्रभावित होगा।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व रविवार को भी कोतरा रोड स्थित 132/33/11 केवी उपकेंद्र में बड़े स्तर पर मेंटेनेंस और ट्री-कटिंग का कार्य किया गया था, जिससे लगभग 42 मोहल्ले प्रभावित हुए थे। विभाग का कहना है कि सुचारू बिजली व्यवस्था के लिए ये शटडाउन अनिवार्य हैं।बिजली विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए पहले से आवश्यक व्यवस्था कर लें और सहयोग करें।

























