- दस्तावेजों में नाम लिंक होने के बाद आगे होगी जांच, संपत्तियों के स्रोत ढूंढ रहा विभाग
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। पीआरए ग्रुप और बर्बरीक प्रोजेक्ट पर हुई छापेमारी में आयकर विभाग खुद हैरान रह गया है। दस्तावेजों में कई कारोबारियों और ब्रोकरों से लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। बताया जा रहा है कि रायगढ़ शहर में ही करीब 20 लोगों को आने वाले दिनों में नोटिस दिए जाएंगे। बुधवार सुबह से आयकर विभाग ने पीआरए ग्रुप और बर्बरीक प्रोजेक्ट के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। करीब तीन महीने तक आयकर विभाग ने समूह के कारोबार पर नजर रखी थी। अलग-अलग संपत्तियों में निवेश के प्रमाण भी जुटाए जा रहे थे।
वास्तविक आय और मुनाफे का पूरा हिसाब-किताब रखा जा रहा था। दोनों कंपनियों से जुड़े तमाम बड़ी फर्मों को छापेमारी में शामिल किया गया। सूत्रों के मुताबिक व्यापार को केंद्रित न कर अलग-अलग कंपनियों के जरिए फैलाया गया। इस काम में रायगढ़ के करीब 20 छोटे कारोबारी भी जुड़े रहे। जांच के दायरे में सडक़, भवन, पुल निर्माण के ठेके, स्टील, सरिया, स्पंज आयरन और कोयले के कारोबार से जुड़े फर्म भी हैं। सूरजपुर के बड़े कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल ने पीआरए ग्रुप की स्थापना की थी। पहले यह समूह सडक़, भवन और पुल बनाने का काम करता रहा।
इसके बाद कोयले और स्टील के कारोबार में भी हाथ आजमाया, जहां आशातीत सफलता मिली। कारोबार बेहद तेजी से फैलने के साथ संपत्तियों में भी इजाफा होता गया। बताया जा रहा है कि कंपनी से मिल रहे टैक्स और संपत्तियों में अंतर आने के बाद आयकर विभाग के कान खड़े हुए। दस्तावेजों में रायगढ़ के करीब 20 कारोबारियों के साथ व्यापार के प्रमाण मिले हैं। अब आयकर विभाग संबंधित बिलों और लेन-देन की जांच के लिए सभी को नोटिस जारी करेगा।
जिनके साथ किया व्यापार, उनसे भी पूछताछ
पीआरए और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ा होने के कारण रायगढ़ इस्पात पर छापेमारी हुई। बंटी अग्रवाल, अतुल मूंदड़ा और अंकित अग्रवाल भी इसी वजह से आयकर विभाग की रडार में आए। जब्त दस्तावेजों में और भी कई लोगों के नाम आए हैं। विधिवत नोटिस देकर उनको संबंधित बिलों के बारे में जवाब मांगा जाएगा। उसके बाद अघोषित आय का एनालिसिस होगा।

























