रायगढ़। स्विफ्ट डिजायर कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी द्वारा बीमा दावा का निराकरण नहीं करने पर कार मालिक ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपभोक्ता फोरम में परिवाद दाखिल कर बीमित राशि दिलवाने की फरियाद की थी। फोरम ने उभयपक्ष की सुनवाई के बाद बीमा कंपनी द्वारा सेवा में कमी किया जाना पाये जाने पर कंपनी को बीमा की राशि 4 लाख 83 हजार रूपए अदा करने का आदेश जारी किया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा निवासी नंदकलेश्वर साय की स्विफ्ट डिजायर कार का आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योंरेस कंपनी से बीमा हुआ था। बीमा की अवधि 28 मई 2020 से 27 मई 2021 तक थी। इसी दौरान 14 जून 2020 को नंदकेश्वर साय की कार को उसका चालक अशोक पैकरा घरघोड़ा से लेकर रायगढ़ आ रहा था, रास्ते में लाखा के पास तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को ठोकर मार दिया था।
ट्रेलर की ठोकर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। नंदकेश्वर ने सत्या आटोमोबाईल रायगढ़ में मरम्मत के लिए कार को भेजा था। वहीं सत्या आटोमोबाईल द्वारा दिये गये कोटेशन के साथ ही उसने बीमा कंपनी में आवेदन देकर बीमा क्लेम किया था। क्लेम करने के 9 माह बाद भी कंपनी द्वारा किसी प्रकार का निराकरण नहीं किया गया। इस पर नंदकेश्वर साय ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपभोक्ता फोरम में परिवाद दायर कर बीमा क्लेम दिलवाने की फरियाद की थी।
फोरम के अध्यक्ष छमेश्वर लाल पटेल व सदस्यद्वय राजेन्द्र पाण्डेय एवं राजश्री अग्रवाल ने उभय पक्ष की सुनवाई के बाद पाया कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी जो मरम्मत के लायक नहीं थी। वहीं बीमा कंपनी को क्लेम की राशि दी जानी थी, लेकिन कंपनी द्वारा बीमित राशि न देकर सेवा में कमी की है। इस पर फोरम ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी को आदेशित किया है कि आवेदक नंदकेेश्वर साय को बीमा क्षतिपूर्ति राशि 4 लाख 83 हजार 136 रूपए आदेश दिनांक के 45 दिवस के भीतर प्रदान करे। निर्धारित अवधि में राशि नहीं दिये जाने की स्थिति में उक्त रकम पर आदेश दिनांक से अदायगी दिनांक तक 6 प्रतिशत की दर से साधारण ब्याज देना होगा। वहीं मानसिक एवं आर्थिक क्षति के रूप में 10 हजार तथा वाद व्यय 5 हजार रूपए भी कंपनी को देना होगा।

























