छोड़कर सामग्री पर जाएँ

गेरवानी में बदहाल सड़कों से परेशान स्कूली छात्रों का फूटा गुस्सा: बारिश में भीगते हुए किया चक्का जाम, जमकर की नारेबाजी.. Watch Video

IMG 20240803 WA0037

रायगढ़। जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर गेरवानी की खराब सड़कें लोगों के लिए दुश्वारी बन चुकी हैं। वर्षों से सड़क सुधार की मांग करने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। खासकर स्कूली बच्चों को आने-जाने में बेहद परेशानी हो रही है। शनिवार को बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बारिश में भीगते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी बच्चों का साथ दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

हैवी वाहनों से खराब हो चुकी है सड़क

गेरवानी चौक से पेट्रोल पंप तक लगभग 200 मीटर की दूरी पर सराईपाली जाने वाली सड़क हैवी वाहनों के कारण जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है और लोग परेशान हैं। इससे पहले भी सड़क सुधार की मांग उठी थी, पर इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।

उद्योगों ने दिया था वादा

विधानसभा चुनाव से पहले ग्रामीणों ने सड़क को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। तब इस मार्ग से जुड़े पांच-छह उद्योगों ने सीसी रोड बनवाने का वादा किया था। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य नहीं हो सका।गेरवानी ग्राम पंचायत के पंच खुशीराम अजय ने बताया कि सड़क सुधार के लिए पहले भी मांग की गई थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

Watch Video

प्रशासन के हस्तक्षेप बाद प्रदर्शन बंद हुआ

शनिवार को बच्चों के विरोध प्रदर्शन के बाद पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों और ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया कि सोमवार से सड़क सुधार का काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की इस लड़ाई ने एक बार फिर प्रशासन का ध्यान इस बदहाल सड़क की ओर खींचा है। अब देखना होगा कि दिए गए आश्वासनों पर कितना अमल होता है।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

न्यूज एडिटर

विकास पाण्डेय ने RIG24 Media Network से Journalism की शुरुआत की। Finance (NBFC) क्षेत्र में 15 वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने BJMC की Professional Degree प्राप्त की। अक्टूबर 2021 से वे ‘केलो प्रवाह’ की Digital Journalism से जुड़े हैं और Web News Portal के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे क्षेत्रीय घटनाक्रम, Exclusive Reports, Politics, Finance, Infrastructure, Employment, Development, Crime और जनहित के मुद्दों पर निरंतर लेखन करते हैं।

Share: