रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने संगठन विस्तार के तहत 47 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। पार्टी ने रवि भगत की जगह राहुल योगराज को भाजयुमो अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, महिला मोर्चा की कमान विभा अवस्थी को सौंपी गई है।मीडिया संयोजक के रूप में हेमंत पाणिग्रही और मुख्य प्रवक्ता के पद पर संतोष पांडेय को नामित किया गया है। साथ ही जगन्नाथ पाणिग्रही और प्रबल प्रताप जूदेव उपाध्यक्ष बनाया गया है।
संगठन विस्तार में आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री, आठ मंत्री, चार संगठन सचिव और सह-मंत्री समेत 47 नेता नई कार्यकारणी में शामिल किए गए हैं। पार्टी ने अपने बयान में बताया कि आठ मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि हर मोर्चे पर पार्टी की सक्रियता को बढ़ाया जा सके। यह नियुक्तियां आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में हुई बैठक में नए पदाधिकारियों के नामों पर सहमति बनी।
नए उपाध्यक्ष पार्टी की रणनीति निर्माण और जनसंपर्क कार्यक्रमों में अहम भूमिका निभाएंगे, जबकि महामंत्री संगठनात्मक कार्यों और कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस बड़े फेरबदल से पार्टी में नई ऊर्जा आने और चुनावी तैयारी को गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।























