छोड़कर सामग्री पर जाएँ

चोरी मामले में भूपदेवपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी गए सारे सामान के साथ आरोपी गिरफ्तार

Bhupdevpurpolicetakeswiftactionintheftcase
  • आरोपी से चोरी चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल की शत-प्रतिशत बरामदगी
  • आरोपी को गांव लौटते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, पूछताछ में बुलेट चोरी का भी खुलासा

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के कुशल मार्गदर्शन पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना भूपदेवपुर पुलिस ने घर में चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया तथा POCO कंपनी का स्मार्ट मोबाइल सहित पूरा चोरीशुदा माल बरामद कर लिया गया है।

चोरी के संबंध में 4 अगस्त 2026 को ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3-4 अगस्त की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसका पर्स, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड एवं स्कूल बैग घर के बाहर आंगन में पड़े हैं। कुछ देर बाद गांव के एक परिचित ने बताया कि उसने गांव के ही सनत कुमार साहू को उक्त सामान फेंकते हुए देखा था। घर की जांच करने पर आलमारी में रखे लगभग ₹20,000 कीमत के चांदी के पायल, ₹1,000 कीमत की चांदी की बिछिया तथा करीब ₹9,000 कीमत का POCO मोबाइल गायब मिले। रिपोर्ट पर थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 112/2026 अंतर्गत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी गांव छोड़कर अपने परिचित के यहां लुक छिप रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी, मुखबिर सूचना और प्रभावी घेराबंदी के चलते उसे गांव लौटते ही दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रात करीब 2 बजे घर के मुख्य गेट से अंदर प्रवेश कर आलमारी से चांदी के जेवर एवं मोबाइल चोरी किया और पीछे के दरवाजे से फरार हो गया।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के चांदी के पायल, बिछिया एवं POCO मोबाइल ( कुल 30,000 रूपये) की शत-प्रतिशत बरामदगी की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 4-5 जुलाई 2026 की रात थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर के सामने से बुलेट क्लासिक-350 (CG 13 BL 4096) भी चोरी की थी, जिसे उसने ग्राम बरक्षगुड़ा के पास मांड नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। उक्त मोटरसाइकिल को थाना चंद्रपुर पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष) निवासी ग्राम डोंगाढकेल, थाना भूपदेवपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:
“संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध करने वालों की लगातार निगरानी की जा रही है और कानून से बचने का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रधान आरक्षक संजय भूषण तिर्की, आरक्षक हरिशंकर नायक, प्रदीप तिवारी एवं संतोष जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: