छोड़कर सामग्री पर जाएँ

आवाज बदलकर ठगी करने का प्रयास, भाजपा नेता उमेश अग्रवाल धोखाधड़ी का शिकार होने से बाल-बाल बचे

file 000000000e58820bb40ab41f1a749201

रायगढ़: आवाज बदलकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को पुलिस ने अपने हत्थे चढ़ाया है। सक्ती जिला निवासी आरोपी ने रायगढ़ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को फोन कर मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत बताते हुए पहले तो मदद की गुहार लगाई फिर उसके बाद स्वयं को मेडिकल स्टोर संचालक बताते हुए ऑनलाइन दवा के पैसे ट्रांसफर कराने की बात कह रहा था। पुलिस को इस बात की जानकारी मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त वाकया सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

हुआ यूं कि रायगढ़ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल को अनजान नंबर से फोन आया था। उमेश द्वारा फोन रिसीव करने पर पहले एक युवक अपना नाम गोलू बताते हुए दवा खरीदने के लिए मदद मांगा, वहीं जब उमेश द्वारा किसी गोलू को नहीं जानने की बात कही, तब उसने रोते हुए मदद करने की गुहार लगाते हुए कहा कि मेडिकल स्टोर के संचालक से बात कर लो। वहीं दूसरी आवाज किसी मनोज की थी जो स्वयं को मेडिकल स्टोर संचालक बताया और कहा कि गोलू दवा लेने के लिए आया है क्या उसे दवा दे दूं।

वहीं उमेश अग्रवाल द्वारा गोलू को नहीं पहचानने की बात कही गई तब मनोज ने कहा कि ठीक है भाई ऐसा है तो दवाई नहीं देता हूं। वहीं, उमेश अग्रवाल को लगा कि वास्तव में कोई जरूरतमंद है जिसे दवा की आवश्यकता होगी जिस पर उन्होंने कथित मनोज से कौन-सी मेडिकल स्टोर से बोल रहे हो और कहां है दुकान पूछा। इस पर कथित मनोज ने जिला चिकित्सालय के सामने जनता मेडिकल होना बताया।

यह बात सुनकर उमेश अग्रवाल चौंक गए चूंकि जनता मेडिकल के नाम से जिला चिकित्सालय के आस-पास कोई दवा दुकान ही नहीं है। ऐसे में उन्हें किसी फ्रॉड व्यक्ति का फोन होने की शंका हुई। वहीं, उमेश अग्रवाल ने मनोज से कहा कि मैं जिला चिकित्सालय के पास तुम्हारी दुकान आ रहा हूं। कुछ देर बाद जब फिर से उक्त नंबर पर उमेश ने कॉल किया तो किसी ने रिसीव नहीं किया। ऐसे में फर्जीवाड़ा होने की आशंका पर उन्होंने तत्काल एसएसपी शशि मोहन सिंह को इसकी सूचना दी।

वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जब मामले की जांच पड़ताल करवाई तब उक्त नंबर सक्ती के किसी सतीश अग्रवाल का निकला। वहीं कोतवाली पुलिस ने सतीश अग्रवाल से संपर्क कर उसे पूछताछ के लिए बुलवाया। सतीश ने बताया कि उसने किसी को इस तरह फोन नहीं किया है। वहीं, पड़ोस में रहने वाला युवक गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा उससे मोबाइल लेकर दो तीन लोगों से फोन पर बातचीत किया था।

इस पर गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया तब उसने उमेश अग्रवाल को फोन करने की बात कबूल की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा निवासी सक्ती को गिरफ्तार करते हुए उसके विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

इस तरह करता था ठगी

अभिषेक शर्मा ने बताया कि मोबाइल पर बात करने वाले दो शख्स नहीं बल्कि वह अकेला ही था और आवाज बदलकर बात करता है। अभिषेक ने बताया कि वह अनजान नंबर से प्रतिष्ठित लोगों को फोन कर मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत बताते हुए दवा के नाम पर पैसे ऐंठता था। इसके लिए पहले वह पीड़ित बन कर मदद की गुहार लगाता है, फिर खुद ही मेडिकल स्टोर संचालक बन कर यूपीआई नंबर पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने को कहता है। गोलू उर्फ अभिषेक ने बताया कि वह बचपन से ही स्कूल में मिमिक्री करता था और अब उसने अपनी इस कला का दुरुपयोग करते हुए लोगों को ठगने का तरीका ढूंढ निकाला।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: