Skip to content

गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर खरसिया में जागरूकता तेज

गौसम्मान
  • गौसेवकों की अपील—27 अप्रैल को हजारों की भागीदारी से बनेगा ऐतिहासिक आयोजन

खरसिया, 16 अप्रैल। खरसिया नगर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत आज एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौसेवकों से मिली जानकारी के अनुसार देशभर में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत खरसिया में गौ सेवा, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान के उद्देश्य को लेकर व्यापक जनजागरण किया जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के गौभक्त आदेश सोनी, जिन्होंने गौमाता के लिए अपनी अंगुली का बलिदान दिया है, के साथ अजय सिंह राजपूत एवं प्रवीण राठौर का नगर आगमन हुआ। इस दौरान आगामी 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली भव्य गौ शोभायात्रा की रूपरेखा साझा की गई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी और श्रीराम मंदिर में इसका समापन होगा।

आज के आयोजन में बड़ी संख्या में गौभक्त, गौसेवक, नगरवासी एवं मातृशक्ति ने भाग लिया। नगर के प्रमुख चौराहों पर आदेश सोनी द्वारा जागरूकता संदेश दिया गया और सभी से 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे एकत्रित होकर भजन-कीर्तन करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचने तथा देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की अपील की गई। समापन कार्यक्रम श्रीराम मंदिर में आयोजित हुआ, जहां संत श्री त्रिवेणी महाराज ने अपने आशीर्वचन में गौमाता की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गौ संरक्षण और सुरक्षा के लिए यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसे सफल बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

खरसिया में इन दिनों गौभक्तों द्वारा लगातार हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है और मिस्ड कॉल वोटिंग के माध्यम से समर्थन जुटाने की अपील की जा रही है। तहसील स्तर पर कम से कम 11 हजार हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए नगरवासियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई है। आयोजकों ने सभी गौभक्तों, गौसेवकों, सज्जनों एवं मातृशक्ति से 27 अप्रैल को डभरा रोड स्थित बंसल ऑटो के पास गौ सेवा धाम में सुबह 10 बजे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: