रायगढ़। रथ मेला देखने गई नाबालिग के साथ युवक ने जबरदस्ती करने का प्रयास किया परंतु किशोरी द्वारा डटकर उसका मुकाबला करने पर किसी को नहीं बताने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। पीडि़ता ने घर आकर परिजनों को आप बीती बताई तथा पारीवारिक सलाह मशवरा के बाद थाने में उसने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उक्त वाकया लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थानांतर्गत 15 वर्षीय नाबालिग शुक्रवार को ग्राम बगुडेगा रथ मेला देखने गई थी।
मेले में बगुडेगा निवासी चुकु शिकारी उसे घूर कर देखते हुए पीछा कर रहा था। किशोरी मेला स्थल से कुछ दूरी पर लघुशंका के लिए गई तब वह भी वहां पहुंच गया और बुरी नीयत से उसकी चुनरी खींच कर फेंक दिया था। वहीं उसे निर्वस्त्र करने का प्रयास किया तो पीडि़ता ने उसका डटकर मुकाबला करते हुए अपना बचाव किया जिससे एक बारगी चुकु भी सहम गया और उसने इस संबंध में किसी को बताने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
पीडि़ता ने घर आकर अपने परिजनों को आपबीती बताई तथा पारीवारिक सलाह मशवरा के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी चुकु शिकारी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।























