रायगढ़। रायगढ़ शहर के आसपास सात सडक़ों को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। रायगढ़-लोइंग-महापल्ली रोड चौड़ीकरण के लिए पीडब्ल्यूड ने करीब 75 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। इस रोड पर ट्रैफिक भी बढ़ चुका है। जिले में भारी यातायात दबाव के कारण अहम सडक़ों को फोरलेन करने का प्रस्ताव है। पीडब्ल्यूडी को कार्य एजेंसी बनाया गया है। शहर के चारों ओर की सात सडक़ों को चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पिछले दिनों सात सडक़ों को फोरलेन बनाने की मंजूरी दी थी। ढिमरापुर चौक से पतरापाली जेएसपीएल तक 5 किमी, ढिमरापुर
चौक से कोतरा रोड थाना चौक तक ढाई किमी, उर्दना चौक से सर्किट हाउस चौक तक साढ़े 3 किमी, टीवी टावर रोड से मेडिकल कॉलेज तक साढ़े 3 किमी, रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा रोड 37 किमी, रायगढ़-कोतरा-नंदेली और रायगढ़-लोइंग-महापल्ली रोड को फोरलेन बनाया जाना है। एसडीओ पीडब्ल्यूडी ने इन सडक़ों के बीच से दोनों ओर 12.5 मीटर की चौड़ाई में प्रभावित निजी व शासकीय भूमि की जानकारी मांगी थी। राजस्व टीम ने सर्वे के बाद जानकारी दी थी। पीडब्ल्यूडी ने रायगढ़ से महापल्ली तक रोड के लिए 75 करोड़ का प्रारंभिक इस्टीमेट बनाया है।
दोनों ओर के अवैध कब्जे हटेंगे
फोरलेन बनाने के लिए रोड के दोनों ओर की जमीनें ली जाएंगी। अंबेडकर चौक या डिग्री कॉलेज चौक से सडक़ चौड़ी होगी। जहां-जहां भी रोड किनारे अवैध कब्जे होंगे, उनको हटाया जाएगा। सडक़ चौड़ीकरण प्रोजेक्ट की जानकारी मिलने के बाद से कई नए निर्माण भी होने लगे हैं।























