खरसिया, 24 फरवरी। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। खरसिया के ग्राम छोटेडूमरपाली में 22 वर्षीय युवक ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, छोटेडूमरपाली निवासी तुलाराम निषाद अपने परिवार के साथ रात में भोजन करने के बाद सो गए थे। उनका 22 वर्षीय बेटा योगेश निषाद भी खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। सुबह देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को संदेह हुआ।
काफी आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए — युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या मनमुटाव नहीं था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खरसिया पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।























