छोड़कर सामग्री पर जाएँ

तमनार में लकड़ी लदा ट्रक पलटा, नीचे दबा श्रमिक; पुलिस ने हाइड्रा से किया सफल रेस्क्यू

image editor output image1518263733 1789059657814
  • एक घंटे की मशक्कत के बाद रजी उरांव को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया

रायगढ़, 10 सितंबर। तमनार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लकड़ी से लदा वन विभाग का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार एक श्रमिक उसके नीचे दब गया। सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी और हाइड्रा क्रेन की सहायता से श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार नागरामुड़ा, तमनार से वन विभाग की ट्रक में लकड़ियां लोड कर रायगढ़ डिपो ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान कसडोल और घटोरिया मंदिर के बीच अमरैय्या के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय ट्रक के केबिन में चालक और कुछ श्रमिक सवार थे। ट्रक पलटने के बाद उन्होंने केबिन तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान श्रमिक रजी उरांव, पिता धनसाय उरांव, निवासी उर्दना, रायगढ़ ट्रक के नीचे फंस गया। उसका कमर से नीचे का हिस्सा ट्रक के नीचे दबा हुआ था।

पुलिस की तत्परता से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से पहले ट्रक के नीचे फंसे श्रमिक के आसपास की मिट्टी हटाकर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक का वजन अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जेसीबी बुलवाई। इसके बाद भी श्रमिक को सुरक्षित निकालना संभव नहीं होने पर स्थानीय कंपनी से हाइड्रा क्रेन मंगवाई गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर सावधानीपूर्वक ट्रक को उठवाया और कड़ी मशक्कत के बाद रजी उरांव को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। 

पुलिस ने रेस्क्यू के साथ-साथ घायल श्रमिक को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी भी कर ली थी। घटनास्थल पर पहले ही एंबुलेंस बुला ली गई थी। श्रमिक के बाहर निकलते ही उसे एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल रवाना किया गया। तमनार पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई कर ट्रक के नीचे फंसे श्रमिक को समय रहते बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: